आपकी सेहत बिगाड़ सकते हैं ये हेल्थ सप्लीमेंट! जांच में मिलीं चौंकाने वाली गड़बड़ियां, FSSAI का 5 कंपनियों को झटका!
जांच के दौरान वेदांत रेमेडीज में बेहद चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई। वहां न तो साफ-सफाई का ठीक इंतजाम था और न ही कीड़े-मकोड़ों को रोकने के उपाय थे। हद तो तब हो गई जब यह पता चला कि कंपनी अपने उत्पादों में एक्सपायर्ड फ्लेवर मिला रही थी।

देश की खाद्य सुरक्षा संस्था FSSAI ने सेहत से जुड़े सप्लीमेंट्स और हेल्थ प्रोडक्ट्स बनाने वाली 5 कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई की है। साफ-सफाई और सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी पाए जाने के बाद इन कंपनियों के लाइसेंस तुरंत रद्द (निलंबित) कर दिए गए हैं।
जिन कंपनियों पर यह कार्रवाई हुई है, उनमें वेदांत रेमेडीज, ल्यूसिड हेल्थकेयर, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के नाम शामिल हैं।
जांच के दौरान वेदांत रेमेडीज में बेहद चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई। वहां न तो साफ-सफाई का ठीक इंतजाम था और न ही कीड़े-मकोड़ों को रोकने के उपाय थे। हद तो तब हो गई जब यह पता चला कि कंपनी अपने उत्पादों में एक्सपायर्ड फ्लेवर मिला रही थी। इसके अलावा, वहां आयुर्वेदिक और सामान्य हेल्थ प्रोडक्ट्स बनाने के सामान को अलग-अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे दोनों के आपस में मिलकर खराब होने का बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ उत्पाद वैध खाद्य लाइसेंस के बिना बनाए जा रहे थे। ल्यूसिड हेल्थकेयर में भी कई गंभीर कमियां मिलीं। एफएसएसएआई ने खराब स्वच्छता, कमजोर कीट नियंत्रण व्यवस्था और आयुर्वेदिक तथा न्यूट्रास्यूटिकल निर्माण गतिविधियों के बीच पर्याप्त अलगाव की कमी दर्ज की। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के पास अनिवार्य स्वच्छता प्रशिक्षण भी नहीं था। इस इकाई को 27 प्रतिशत अनुपालन स्कोर प्राप्त हुआ।
वहीं, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर के मामले में नियामक ने पाया कि कंपनी गंदगी से संचालन कर रही थी और वहां एक्सपायर्ड समान का भंडारण किया जा रहा था। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और परीक्षण से जुड़े अनिवार्य रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। कंपनी का अनुपालन स्कोर 46 प्रतिशत रहा।
वहीं विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के मामलों में एफएसएसएआई ने पाया कि लाइसेंस में दर्ज परिसरों पर वास्तविक संचालन नहीं हो रहा था।
एफएसएसएआई के अनुसार, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स कथित रूप से ऐसे स्थान से संचालन कर रही थी जिसका विवरण उसके लाइसेंस में दर्ज नहीं था। वहीं एडोरियल हेल्थकेयर के लाइसेंस प्राप्त परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था और वहां मौजूद लोगों ने कंपनी से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया।
नियामक ने कहा कि जांच के निष्कर्ष गंभीर गैर-अनुपालन और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड में भ्रामक जानकारी की ओर संकेत करते हैं। इसी वजह से उपभोक्ता सुरक्षा और न्यूट्रास्यूटिकल क्षेत्र में नियमों के बेहतर पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं।
नियामक की यह कार्रवाई तेजी से बढ़ते न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ सप्लीमेंट बाजार में गुणवत्ता, स्वच्छता और नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने की उसकी लगातार कोशिशों का हिस्सा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
