विश्व कप में व्यस्त धोनी के घर पर चोरी करने वाले हुए गिरफ्तार, जानिए क्यों कोहली को भरना पड़ा जुर्माना

नोएडा पुलिस ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर में हुई चोरी में कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर कप्तान विराट कोहली को पानी की बर्बादी को लेकर विराट कोहली का चालान काटा गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय टीम के दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलने में व्यस्त है वहीं दूसरी तरफ नोएडा में उनके घर पर हाथ साफ करने वाले चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

नोएडा पुलिस ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर में हुई चोरी में कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 104 स्थित किराये पर चढ़े धोनी के घर में अप्रैल में वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने इसके अलावा अन्य कई घरों में भी चोरी की है।

गुरुवार को तीनों आरोपी राहुल, बबलु, इकलाख को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर से एलईडी टीवी की चोरी की थी, उस दौरान विक्रम सिंह नाम का शख्स धोनी के घर में किराये पर रह रहा था। इस चोरी को अंजाम तब दिया गया था, जब धोनी के घर में मरम्मत का कार्य चल रहा था। वहीं पुलिस ने यह भी बताया कि साक्ष्यों को मिटाने के लिए आरोपियों ने एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर की चोरी भी की थी।


एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “आरोपी क्षेत्र में सामान बेचने का दिखावा कर खाली मकानों की टोह लेते थे। ये लोग उन मकानों की तलाश करते थे, जहां कोई लाईट नहीं जलती थी। घर में कोई है या नहीं यह जानने के लिए आरोपी कई बार घर की घंटी भी बजाते थे, ये लोग पूरी तरह से सुनिश्चित होने के बाद दरवाजा तोड़ घर में चोरी करते थे।”

दूसरी ओर कप्तान विराट कोहली की कार का चलान काटा गया है। दरअसल, गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 स्थित घर के बाहर पीने के पानी से उनकी कार धोई जा रही थी, जिसके बाद कार्रवाई हुई है।


खबरों के मुताबिक, बुधवार को गुरुग्राम डीएलएफ फेस-1 में विराट कोहली के घर के बाहर उनके घरेलू सहायक दीपक पीने के पानी से बीएमडब्ल्यू कार की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और कोहली की कार का 500 रुपये का चालान काट दिया।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 07 Jun 2019, 2:24 PM
/* */