जो लोग राम मंदिर में चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाए, उनसे पेपर लीक रोकने की उम्मीद नहीं: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जो जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वे युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा संकट यही सरकार है। जब तक यह सरकार नहीं जाएगी, तब तक ये समस्याएं खत्म नहीं होंगी।

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि जो लोग श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सके, उनसे परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक रोकने या निष्पक्ष परीक्षा कराने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
जो चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाए, वे पेपर लीक कैसे रोकेंगे
अखिलेश यादव ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, "मुद्दा एक ही है। जो लोग दानपात्र और श्रद्धालुओं के चढ़ावे की रक्षा नहीं कर सके, वे पेपर लीक कैसे रोकेंगे या परीक्षाओं को रद्द होने से कैसे बचाएंगे। जो जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वे युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर सकते हैं।"
जब तक यह सरकार रहेगी, समस्याएं खत्म नहीं होंगी
इससे पहले, एसपी सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन कर राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ के मामले को लेकर बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश के सामने सबसे बड़ा संकट मौजूदा सरकार ही है और जब तक यह सत्ता में रहेगी, ऐसी समस्याएं बनी रहेंगी। उन्होंने कहा, "देश का सबसे बड़ा संकट यही सरकार है। जब तक यह सरकार नहीं जाएगी, तब तक ये समस्याएं खत्म नहीं होंगी।"
इसे भी पढ़ेंः एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान केंद्र पर बरसे राहुल गांधी, अमित शाह को घेरा, बोले- शिक्षा व्यवस्था पर RSS का कब्जा
फैजाबाद सांसद ने भी बीजेपी सरकार पर हमला बोला
फैजाबाद के एसपी सांसद अवधेश प्रसाद ने भी चढ़ावा चोरी के मामले में बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। प्रसाद ने कहा, "मैं इस मुद्दे को उजागर करने के लिए अखिलेश यादव को बधाई देता हूं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी सरकार बड़े दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ी डकैती है।’’ उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी सत्ता से बाहर हो जाएगी।
इसे भी पढ़ेंः 'जिम्मेदार लोगों को बचा रही सरकार', सपा सांसद ने नीट पेपर लीक केस में कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
