दिल्ली के मुंडका में सेप्टिक टैंक में तीन लोगों की मौत, जहरीली गैस की चपेट में आने से गई जान

अधिकारियों के अनुसार, सेप्टिक टैंक में मरने वालों की पहचान अरूण (38), संदीप (32) और चंद (42) के तौर पर हुई है और वे सभी सुल्तानपुरी इलाके में इंद्रा झील के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

दिल्ली के मुंडका में सेप्टिक टैंक में तीन लोगों की मौत, जहरीली गैस की चपेट में आने से गई जान
i

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूरों की जान चली गई है। मुंडका औद्योगिक इलाके में शुक्रवार को एक फैक्टरी के सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि मुंडका औद्योगिक इलाके में सेप्टिक टैंक में कुछ लोग फंस गए हैं, जिसके बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि तीन लोग एक-एक करके सेप्टिक टैंक में उतरे थे और वे जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।


अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे, अग्निशमन सेवा ने उपमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को बुलाने का आग्रह किया जिसके बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के ज़रिए मुंडका के एसडीएम को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि डीएफएस की टीम ने जब बेहोश लोगों को टैंक से निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

अधिकारियों के अनुसार, सेप्टिक टैंक में मरने वालों की पहचान अरूण (38), संदीप (32) और चंद (42) के तौर पर हुई है और वे सभी सुल्तानपुरी इलाके में इंद्रा झील के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस सिलसिले में मृतकों के साथ काम करने वालों, हादसे के समय फैक्टरी में मौजूद अन्य कर्मियों और फैक्टरी के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए