TMC में बड़ा फैसला, सभी कमेटियां और फ्रंटल संगठन भंग, नए सिरे से होगा पुनर्गठन

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद TMC ने सभी कमेटियां और 16 फ्रंटल संगठन भंग कर दिए हैं। पार्टी अब संगठन के व्यापक पुनर्गठन की तैयारी में है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपनी सभी कमेटियों और अनुषांगिक संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने साफ किया है कि अब व्यापक समीक्षा और मूल्यांकन के बाद संगठनात्मक ढांचे का नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा। इस फैसले को हाल के वर्षों में पार्टी द्वारा उठाए गए सबसे बड़े संगठनात्मक कदमों में से एक माना जा रहा है।

पार्टी ने क्या कहा?

टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी की सभी समितियों और उसके सभी अनुषांगिक संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का फैसला लिया गया है। पार्टी के मुताबिक अब हर स्तर पर आत्म-निरीक्षण, कार्य-निष्पादन समीक्षा और संगठनात्मक मूल्यांकन की व्यापक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पार्टी ने कहा कि इस समीक्षा प्रक्रिया से जो निष्कर्ष सामने आएंगे, उनके आधार पर मुख्य संगठन और सभी अनुषांगिक संगठनों की संरचना का पुनर्गठन किया जाएगा। नए ढांचे की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। टीएमसी ने यह भी कहा कि वह अपने संगठन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य की चुनौतियों का नए उत्साह और उद्देश्य के साथ सामना करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


फूट की चर्चाओं के बीच आया फैसला

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी नेतृत्व को आंतरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी के भीतर फूट की चर्चाएं भी तेज हैं और कुछ अनुषांगिक संगठनों के बारे में कहा जा रहा है कि वे आलाकमान के फैसलों से अलग दूसरे गुटों के रुख के प्रति सहमति जता रहे हैं। ऐसे माहौल में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि टीएमसी ने अपने फैसले के पीछे के कारणों पर विस्तार से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे संगठन पर नेतृत्व की पकड़ मजबूत करने और मौजूदा संकट के बीच पार्टी ढांचे को पुनर्गठित करने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।

16 फ्रंटल संगठन और कई अहम कमेटियां हुईं भंग

टीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार पार्टी के लगभग 16 फ्रंटल संगठन हैं, जो युवा, महिला, छात्र, मजदूर समेत विभिन्न वर्गों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों को संचालित करते हैं। इसके अलावा पार्टी की मुख्य कार्यकारी समिति, कोर कमेटी, राज्य समिति, जिला और ब्लॉक कमेटियां तथा अनुशासन समिति जैसे संगठनात्मक ढांचे भी मौजूद हैं।

पार्टी के ताजा फैसले के बाद इन सभी संरचनाओं को भंग कर दिया गया है। अब समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए सिरे से कमेटियों और संगठनों का गठन किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीएमसी के गठन के बाद यह सबसे बड़े संगठनात्मक बदलावों में से एक है और यह ऐसे समय में सामने आया है जब पार्टी हाल के वर्षों के सबसे बड़े आंतरिक संकट का सामना कर रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia