TMC के दोनों गुटों को मिले नए नाम और सिंबल, ममता के खाते में 'फुटबॉल खिलाड़ी' तो ऋतब्रत को 'लिफाफा'

TMC के नाम और चुनाव चिह्न विवाद में चुनाव आयोग ने ममता गुट और ऋतब्रत गुट को अलग-अलग नए नाम और सिंबल आवंटित किए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • ममता गुट को 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न मिला।

  • ऋतब्रत बनर्जी के गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ सिंबल दिया गया।

  • दोनों गुटों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में राजनीतिक दल के तौर पर मान्यता दी गई है।

  • दोनों नए नाम और चिह्न 6 अक्टूबर के नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में इस्तेमाल करेंगे।

चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी की पार्टी ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ को ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न दिया है। आयोग ने इस दल को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में राजनीतिक दल के तौर पर मान्यता दी है। वहीं, ऋतब्रत बनर्जी के गुट ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ को ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न दिया गया है और उसे भी इन्हीं तीन राज्यों में राजनीतिक दल के तौर पर मान्यता दी गई है।

दोनों गुटों ने इससे पहले चुनाव आयोग को अपने-अपने नए नाम और चुनाव चिह्न के विकल्प सौंपे थे। एक गुट पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाला ‘मूल लेकिन अल्पमत’ गुट है, जबकि दूसरा पार्टी से निकाले गए विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला ‘बागी लेकिन बहुमत’ गुट है। ममता गुट ने गुरुवार आधी रात के बाद तीन नाम और तीन चुनाव चिह्न के विकल्प आयोग को भेजे थे, जबकि ऋतब्रत गुट ने शुक्रवार सुबह अपने विकल्प सौंपे।

6 अक्टूबर के उपचुनाव में होंगे इस्तेमाल

चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को नए नाम और चिह्न के विकल्प देने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे तक की समय सीमा दी थी। इसके बाद आयोग ने दोनों के लिए नाम और चुनाव चिह्न तय कर दिए। अब दोनों गुट 6 अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव इन्हीं नई पहचान के साथ लड़ेंगे। इन उपचुनावों के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे। दोनों सीटें पूर्वी मेदिनीपुर और मुर्शिदाबाद जिले में हैं।

दोनों गुटों के नेताओं ने शुक्रवार को आयोग को विकल्प भेजने की पुष्टि की थी, लेकिन उस समय उन्होंने अपने चुने हुए नाम और चिह्न सार्वजनिक नहीं किए थे। उनका कहना था कि वे पहले चुनाव आयोग के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करेंगे और उसके बाद ही इस बारे में कुछ कहेंगे।

इसे भी पढ़ें: 'वोट चोरी, सरकार चोरी और अब पार्टी चोरी', TMC का नाम-सिंबल फ्रीज होने पर राहुल गांधी का EC-BJP पर हमला


पहले फ्रीज हुआ था TMC का नाम और ‘घास-फूल’ चिह्न

इससे एक दिन पहले गुरुवार रात चुनाव आयोग ने ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘घास-फूल’ वाले चुनाव चिह्न को फिलहाल फ्रीज करने का ऐलान किया था। दोनों गुटों के बीच पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे विवाद के कारण आयोग ने आगामी उपचुनावों के लिए यह अंतरिम व्यवस्था की थी। इसके बाद दोनों पक्षों से नए नाम और चुनाव चिह्न के विकल्प मांगे गए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए