नुसरत जहां और निखिल जैन का रिश्ता टूटा, अभिनेत्री-सांसद ने बयान जारी कर किया ऐलान, लगाए कई गंभीर आरोप

नुसरत ने निखिल पर पैसों के हेरफेर का भी आरोप लगाया है। नुसरत ने कहा कि निखिल ने उनकी जानकारी के बिना उनके अकाउंट से पैसे निकाले हैं। उन्होंने कहा कि रात के किसी भी समय गैर-कानूनी रूप से मेरे बैंक खातों से पैसे निकाले गए और अलग होने के बाद भी ये जारी है।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
i

टीएमसी सांसद और बंगाली अभिनेत्री नुसरत जहां ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबरों के बाद पति निखिल जैन के साथ रिश्तों को लेकर चल रही अटकलों पर करारा जवाब देते हुए साफ कर दिया है कि निखिल जैन के साथ उनकी शादी खत्म हो चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने निखिल पर शादी और उसके बाद उनके बैंक अकाउंट्स से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। नुसरत ने कहा कि निखिल ने उनकी जानकारी के बिना उनके अकाउंट से पैसे निकाले और उनके खानदानी जेवर और कई मंहगे गिफ्ट्स भी अपने पास रखे हुए हैं।

नुसरत ने एक बयान जारी कर निखिल जैन से रिश्ते को लेकर उठ रहे कई सवालों के जवाब दिए हैं। नुसरत ने निखिल जैन संग अपनी शादी को अमान्य करार दिया है और कहा कि इसलिए तलाक लेने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि तुर्की मैरिज रेगुलेशन के अनुसार, एक विदेशी भूमि पर होने के कारण हमारी शादी अमान्य है। इसके अलावा, दो धर्मों के लोगों के बीच शादी होने के कारण इसे भारत में वैधानिक मान्यता देने की जरूरत थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसलिए तलाक का सवाल ही नहीं उठता। कानूनी तौर पर यह शादी वैध नहीं है, बल्कि एक लिव-इन रिलेशनशिप है।


नुसरत ने आगे कहा, 'हम बहुत पहले ही अलग हो गए थे, लेकिन मैंने इसके बारे में बात नहीं की क्योंकि मैं अपनी प्राइवेट लाइफ को अपने तक ही सीमित रखना चाहती थी। नुसरत ने कहा कि जो कुछ भी मेरा था, अभी भी उसके पास है। मुझे यह बताने में दुख हो रहा है कि मेरे खानदानी गहने जो मेरे परिवार वालों ने मुझे तोहफे में दिए थे, वो सब अभी भी निखिल के पास हैं।'

इतना ही नहीं नुसरत जहां ने निखिल पर उनके पैसों के हेरफेर का भी आरोप लगाया है। नुसरत ने कहा कि निखिल ने उनकी जानकारी के बिना ही उनके अकाउंट से पैसे निकाले हैं। उन्होंने कहा कि रात के किसी भी समय गैर-कानूनी रूप से उसने मेरे बैंक अकाउंट्स से पैसे लिए और हम दोनों के अलग होने के बाद भी ये जारी है।

बता दें कि बंगाली अभिनेत्री नुसरत जहां ने शादी से पहले ही राजनीति में कदम रख लिया था। लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद नुसरत ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे बिजनेसमैन निखिल जैन से 19 जून 2019 को शादी की थी। शादी की सारी रस्में तुर्की में हुई थीं, जहां परिवार और खास दोस्त ही मौजूद थे। बाद में दोनों ने कोलकाता में एक रिसेप्शन का आयोजन किया था, जिसमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी पहुंची थीं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 09 Jun 2021, 7:15 PM