मुंबई में आफत की बारिश: रनवे पर 1 घंटे थमा विमानों का पहिया, कई उड़ानें प्रभावित
उड़ानों का डेटा एकत्र करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ के अनुसार, हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली 87 प्रतिशत उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि 62 प्रतिशत उड़ान देरी से गंतव्य तक पहुंचीं।

मुंबई में रविवार को भारी बारिश और तेज हवा के कारण मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी रनवे पर एक घंटे के लिए संचालन रोकना पड़ा, जिससे उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का संचालन पूर्वाह्न 10:17 बजे से पूर्वाह्न 11:17 बजे तक बंद रहा। इससे आने और जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों को उड़ानों के रवाना होने में औसतन 75 मिनट और गंतव्य तक पहुंचने में कम से कम 28 मिनट की देरी हुई।
उड़ानों का डेटा एकत्र करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ के अनुसार, हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली 87 प्रतिशत उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि 62 प्रतिशत उड़ान देरी से गंतव्य तक पहुंचीं।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने बयान में कहा, “पूर्वाह्न लगभग 10:17 बजे भारी बारिश के कारण दृश्यता कम हो गई थी और 42 नॉट तक की तेज हवाएं चल रही थीं। इससे रनवे पर संचालन प्रभावित हुआ। तय प्रक्रिया के तहत यात्रियों, विमानों और हवाई अड्डे पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रनवे पर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।”
बयान में कहा गया है कि मौसम परिस्थितियों में सुधार होने पर एक घंटे बाद रनवे पर संचालन सामान्य रूप से शुरू हुआ।
मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक, जबकि कुछ संवेदनशील स्थानों पर 300 mm से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। BMC ने नागरिकों को सतर्क रहने और केवल आपातकालीन स्थिति में ही घरों से बाहर निकलने की हिदायत दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
