दशहरे पर दिल्ली-NCR में ट्रैफिक अलर्ट, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में कई रास्तों पर पाबंदी, निकलने से पहले जान लें वैकल्पिक रूट

दशहरे पर आज दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रामलीला और रावण दहन कार्यक्रमों के चलते कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i

दशहरे पर रामलीला देखने या रावण दहन का कार्यक्रम देखने जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें। दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 20 अक्टूबर को दशहरा समारोह के मद्देनजर कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा समारोह के दौरान पूर्वी दिल्ली में वाहनों और पैदल यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। इसे देखते हुए शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इस दौरान NH-24, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57A, रोड नंबर 56 और विकास मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो सकता है। इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांच लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

नोएडा स्टेडियम के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक

नोएडा के सेक्टर-21A स्थित स्टेडियम में रामलीला और दशहरा कार्यक्रम के चलते आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंधित किया जाएगा। सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे से स्टेडियम चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोकने की व्यवस्था रहेगी। इसी तरह सेक्टर-10/21 यू-टर्न से सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सेक्टर-8, 10, 11 और 12 चौक से स्टेडियम चौक होते हुए मोदी मॉल चौक तक के मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।

इसके अलावा सेक्टर-31/25 चौक से मोदी मॉल चौक और स्टेडियम चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी। मेट्रो अस्पताल चौक से सेक्टर-12/22 चौक होते हुए एडॉब और रिलायंस चौक तक जाने वाले मार्ग पर भी प्रतिबंध रहेगा। कोस्ट गार्ड तिराहे और NTPC अंडरपास से सेक्टर-12/22 चौक की ओर जाने वाले वाहनों को भी दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। जलवायु विहार चौक से मोदी मॉल और एडॉब चौक की ओर जाने वाले मार्ग के साथ-साथ सेक्टर-24 थाने के तिराहे से एडॉब/रिलायंस चौक और मोदी मॉल चौक की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

नोएडा स्टेडियम जाने के लिए इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल

स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण जाम से बचने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-10/21 यू-टर्न, जलवायु विहार चौक, निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, NTPC और गिझौड़ होते हुए जा सकेंगे। वहीं, सेक्टर-12/22/56 तिराहे से स्टेडियम चौक की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-57 चौराहा, गिझौड़ चौक और सेक्टर-31/25 चौक वाला मार्ग अपना सकते हैं।

सेक्टर-12/22/56 तिराहे से रजनीगंधा चौक की ओर जाने वाले वाहन मेट्रो अस्पताल चौक, सेक्टर-8/10/11/12 चौक और हरौला या झुंडपुरा चौक से होकर जा सकेंगे। इसी तरह DM चौक या जलवायु विहार चौक से मोदी मॉल और एडॉब चौक जाने वाले वाहन निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, NTPC और गिझौड़ का रास्ता ले सकेंगे। सेक्टर-54 चौकी तिराहे से जलवायु विहार चौक जाने वाले वाहन भी गिझौड़, सेक्टर-31/25 चौक और निठारी होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

सेक्टर-62 में भी बदलेगा ट्रैफिक रूट

नोएडा के सेक्टर-62 में रामलीला के आयोजन के दौरान जरूरत के मुताबिक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। सेक्टर-62 पुलिस चौकी से वैल्यू बाजार और फोर्टिस की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-59 तिराहे से होकर जाना होगा। वैल्यू बाजार तिराहे से सेक्टर-62 पुलिस चौकी की ओर आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

इसके अलावा C-DAC C-32 कंपनी से PMO की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-62 पुलिस चौकी चौक से होकर जा सकेंगे। विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा। इन रास्तों पर यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

भंगेल और आसपास के इलाकों में भी यातायात प्रभावित होगा

भंगेल और आसपास के क्षेत्रों में दशहरा कार्यक्रम के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ग्रेट एवेन्यू सोसायटी तिराहे से महर्षि आश्रम चौक की ओर जाने वाले वाहन बाएं मुड़कर सलारपुर/भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे से जा सकेंगे। वहीं, महर्षि आश्रम चौक से ग्रेट एवेन्यू सोसायटी, लोटस ब्लू बर्ड तिराहे और सेक्टर-98, 100 व 104 की ओर जाने वाले वाहनों को दाएं मुड़कर एलिवेटेड रोड के नीचे से गुजरना होगा।

सेक्टर-110 में यथार्थ अस्पताल तिराहे और पुलिस चौकी तिराहे से महर्षि आश्रम चौक की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। ऐसे में इस इलाके में रहने वाले लोगों और यहां से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एकमूर्ति और ग्लैक्सी गोलचक्कर के बीच डायवर्जन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी रामलीला कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। एकमूर्ति गोलचक्कर से ग्लैक्सी गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। इस रास्ते से जाने वाले वाहन चालक डी-मार्ट, बिसरख गोलचक्कर, ACE गोलचक्कर और खैरपुर गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। डी-मार्ट से ग्लैक्सी गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहन भी बिसरख, ACE और खैरपुर गोलचक्कर वाला वैकल्पिक मार्ग अपना सकेंगे। इन रास्तों पर अतिरिक्त ट्रैफिक होने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों को समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए