गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा, द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने 4 मजदूरों को कुचला, दो की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक् के पास फ्लाईओवर पर मरम्मत का कार्य कर रहे चार मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मजदूरों की पहचान बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई हैं, वे मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे पर यह अब तक का सबसे बड़ा हादसा माना जा रहा है। जिसमें एक साथ चार लोग कार की चपेट में आ गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास डिवाइडर को सुरक्षित करने के लिए लोहे की ग्रिल लगाने का काम चल रहा था।
जानकारी के अनुसार मजूदर रात में लोहे की एक भारी ग्रिल को लगाने के लिए चार मजदूर काम कर रहे थे।चार मजदूर ग्रिल को लगाने के बाद दो उनके पेंच कस रहे थे, जबकि दो उसे डिवाइडर पर मजबूती से पकड़कर खड़े थे।
तभी दिल्ली की तरफ से आई तेज रफ्तार कार सीधे ग्रिल पकड़कर खड़े मजदूरों पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाकी के दो मजदूरों ने कार को अपनी तरफ आते देख जान बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के बीच बनी ग्रीन बेल्ट की तरफ छलांग लगा दी। लेकिन कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह भी बेकाबू होकर ग्रीन बेल्ट के अंदर जा घुसी और कूद चुके दोनों मजदूरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार के ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं।
रात के समय अंधेरा होने के कारण कार ड्राइवर को सड़क पर काम कर रहे चारों मजदूर दिखाई नहीं दिए, जिसके चलते यह भीषण हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वहां पर्याप्त रोशनी और बैरिकेडिंग होती, तो इन मासूम मजदूरों की जान बचाई जा सकती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मजदूरों और कार चालक को तुरंत नजदीकी वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो को मृत घोषित किया गया, जबकि घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
