बिहार के आरा में रेल हादसा, महानंदा एक्सप्रेस का इंजन और 2 कोच पटरी से उतरे

बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतर गईं, हालांकि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फोटो: IANS
i

बिहार के आरा में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर आरा रेलवे स्टेशन के पास अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस (15483) डिरेल हो गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 बोगी पटरी से उतर गई। हालांकि, किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी-कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव और मरम्मत कार्य में जुट गए।

स्टेशन से 200 मीटर दूर पटरी से उतरी महानंदा एक्सप्रेस

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4.12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप-लाइन में डिरेल हो गई।

इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव के साथ ट्रैक को सामान्य करने का काम शुरू कर दिया।


तीनों बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया

रेलवे कर्मचारियों ने राहत कार्य करते हुए पटरी से उतरी तीनों बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ा दिया। हालांकि, घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच में जुटी है।

रेलवे अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और इसी वजह से ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई। घटना के कारणों को लेकर तकनीकी जांच की जा रही है।

परिचालन सामान्य करने में जुटा रेलवे

हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे की ओर से परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।