बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किल बढ़ी, महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न केस में निचली अदालत के फैसले को दी चुनौती

याचिका में कहा गया है कि मजिस्ट्रेट कोर्ट का आदेश अनुमान और अटकलों पर आधारित है और इसमें स्थापित कानूनी सिद्धांतों को सही तरीके से लागू नहीं किया गया। यह कानून की नजर में टिकाऊ नहीं है और सबूतों का गलत और चुनिंदा तरीके से आकलन किया गया है।

बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किल बढ़ी, महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न केस में निचली अदालत के फैसले को दी चुनौती
i

बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं

महिला पहलवानों ने कोर्ट के फैसले को चुनौती दी

चार महिला पहलवानों ने सेशन कोर्ट में अपील की

आदेश को अनुमान और अटकलों पर आधारित बताया

बीजेपी नेता और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों ने ब्रजभूषण शरण सिंह को बरी करने के राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को सेशन कोर्ट में चुनौती दी है। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ चार महिला पहलवानों ने सेशन कोर्ट में अपील की है। मामले में सह-आरोपी विनोद तोमर के बरी होने के आदेश को भी चुनौती दी गई है।

बरी करने के फैसले को सेशल कोर्ट में चुनौती

महिला पहलवानों की अपील पर सेशन कोर्ट शनिवार को सुनवाई कर सकती है। याचिका में कहा गया है कि मजिस्ट्रेट कोर्ट का आदेश कानून की नजर में टिकाऊ नहीं है और सबूतों का गलत और चुनिंदा तरीके से आकलन किया गया है। अपील में आरोप लगाया गया कि आदेश अनुमान और अटकलों पर आधारित है और स्थापित कानूनी सिद्धांतों को सही तरीके से लागू नहीं किया गया। महिला पहलवानों का कहना है कि आदेश में पीड़िता के व्यवहार को लेकर पुरानी रूढ़िवादी सोच को आधार बनाया गया है।


चुनौती बृजभूषण सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ा सकती है

राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को महिला पहलवानों द्वारा दी गई चुनौती बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें फिर से बढ़ा सकती है। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष कोर्ट द्वारा मामले में बरी किए जाने के बाद कहा था कि ये मेरे लिए बड़ी राहत है। ये उन लोगों के लिए भी बड़ी राहत है, जिनके ऊपर झूठे आरोप लगाए जाते हैं। ऐसे आरोप लगने के बाद किसी भी व्यक्ति के परिवार वाले भी उसका साथ छोड़ देते हैं और आदमी टूट जाता है। कुछ लोग तो आत्महत्या कर लेते हैं। मेरे केस से उन सभी को बल मिलेगा, जिनके ऊपर गलत इल्जाम लगाए जाते हैं। मुझ पर आरोप लगाने वाले ओलंपिक मेडलिस्ट थे। इसमें बहुत बड़े लोग शामिल थे। मैंने खुद को कभी अपराधी माना ही नहीं।

इसे भी पढ़ेंः महिला पहलवानों से यौन शोषण के आरोप मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी, कोर्ट ने विनोद तोमर को भी दी राहत

2023 में महिला पहलवानों ने लगाए थे गंभीर आरोप

बृजभूषण शरण सिंह और महिला पहलवानों के बीच का ये विवाद देश के सबसे चर्चित खेल और कानूनी विवादों में से एक है। इसकी शुरुआत 2023 में हुई थी। देश की कई नामी महिला पहलवानों ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच बृजभूषण शरण सिंह द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, ट्रेनिंग कैंप, डब्ल्यूएफआई कार्यालय और अन्य स्थानों पर उनके साथ अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न किया गया था। मामले में कार्रवाई के लिए महिला पहलवान कई दिनों तक दिल्ली में धरने पर भी बैठी थीं। लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में कोर्ट के दखल पर मामले में एफआईआर दर्ज हुआ।

इसे भी पढ़ेंः बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ POCSO का मामला बंद, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट मंजूर की

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए