तुर्किये: इजरायली दूतावास की इमारत पर गोलीबारी, पुलिस कार्रवाई में दो हमलावर ढेर, एक अधिकारी घायल
गवर्नर ने कहा कि हमलावरों ने इजरयाली कॉन्सुलेट पर हमला करने के लिए राइफल और बंदूकों का इस्तेमाल किया। वहीं, मंत्री अकिन गुरलेक ने कहा है कि इस मामले की जांच की जा रही है। अभी तक हमलावरों का मकसद पता नहीं चल पाया है।

तुर्किये के इस्तांबुल में इजरायली वाणिज्य दूतावास की इमारत पर आज कुछ बंदूकधारियों ने अचानक हमला करते हुए भीषण गोलीबारी की। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो हमलावर मारे गए, जबकि तीसरे हमलावर को पकड़ लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान एक अधिकारी भी घायल हो गया। इमारत के आसपास का इलाका तुरंत सील कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खबर के अनुसार, तुर्की के सबसे लोकप्रिय शहर इस्तांबुल में मंगलवार को इजरायली कॉन्सुलेट के पास गोलीबारी हुई। स्थानीय मीडिया के अनुसार कुछ लोग बंदूक लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई। इलाके को सील कर दिया गया और बड़ी संख्या में पुलिस यूनिट्स को मौका-ए-वारदात पर भेजा गया।
इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने कहा, “दो आतंकवादी मारे गए और एक घायल हो गया, जिसे पकड़ लिया गया है। हमारी पुलिस के उठाए गए कदमों की वजह से, कम नुकसान हुआ। मरने वालों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं। यह एक ऐसा काम था जिससे उकसावे की बू आ रही है।”
इससे पहले एक बयान में, इस्तांबुल पुलिस ने तीन संदिग्धों के मारे जाने की जानकारी दी थी। रॉयटर्स के अनुसार इस गोलीबारी में 3 हमलावर मारे गए जबकि स्थानीय मीडिया ग्रुप्स के अनुसार 2 मारे गए। वारदात में दो पुलिसवाले भी घायल हुए हैं। ब्रॉडकास्टर एनटीवी ने बताया कि एक बंदूकधारी को घायल हालत में पकड़ लिया गया, और दूसरा मारा गया।
गवर्नर ने कहा कि हमलावरों ने इजरयाली कॉन्सुलेट पर हमला करने के लिए राइफल और बंदूकों का इस्तेमाल किया। वहीं, मंत्री अकिन गुरलेक ने कहा है कि इस मामले की जांच की जा रही है। अभी तक हमलावरों का मकसद पता नहीं चल पाया है। इस्तांबुल में इजरायली कॉन्सुलेट के इर्द गिर्द ठीक-ठाक सुरक्षा व्यवस्था रहती है।
यह गोलीबारी ऐसे समय में हुई है जब ईरान के साथ इजरायल-यूएस संघर्ष चरम पर है। ऐसा तनाव जिससे पूरा खाड़ी क्षेत्र हिल गया है और पूरी दुनिया की एनर्जी सप्लाई पर असर पड़ा है। 28 फरवरी को ईरान पर यूएस-इजरायल ने मिसाइलें दागीं, जिसके बाद से भीषण जंग जारी है। अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को डील करने के लिए “मंगलवार रात 8 बजे (वाशिंगटन समय, भारत में बुधवार 5.30 बजे)” तक की डेडलाइन दी है। ऐसा नहीं होने पर ट्रंप ने पूरे ईरान को तबाह करने का ऐलान किया है।