टीवीएस परिवार के विवाद में नया मोड़, लक्ष्मी वेणु ने पिता को भेजा संपत्ति बंटवारे का नोटिस

लक्ष्मी वेणु के कार्यालय के अनुसार, उन्होंने अपने पिता को बंटवारे का नोटिस भेजा है। इसमें लक्ष्मी ने वेणु श्रीनिवासन से परिवार के मुखिया के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और निष्पक्ष तथा कानूनी बंटवारा’ सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

टीवीएस परिवार के विवाद में नया मोड़, लक्ष्मी वेणु ने पिता को भेजा संपत्ति बंटवारे का नोटिस
i

टीवीएस औद्योगिक परिवार की सदस्य लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता वेणु श्रीनिवासन की संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे की औपचारिक मांग की है। इस कदम से परिवार के भीतर उत्तराधिकार को लेकर विवाद और गहरा गया है। इसका असर भारत के सबसे प्रसिद्ध वाहन समूहों में से एक के प्रमुख व्यवसायों के स्वामित्व और नियंत्रण पर पड़ सकता है।

लक्ष्मी वेणु के कार्यालय से सोमवार को जारी बयान के अनुसार, उन्होंने अपने पिता को बंटवारे का नोटिस भेजा है। इसमें लक्ष्मी ने वेणु श्रीनिवासन से परिवार के मुखिया के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और ‘‘निष्पक्ष तथा कानूनी बंटवारा’’ सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन ने लक्ष्मी के दावे का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है, जिससे परिवार की संपत्ति के बंटवारे को लेकर दरार खुलकर सामने आ गई है।


लक्ष्मी का कहना है कि 2005 में संशोधित ‘हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956’ के तहत उन्हें संपत्ति में समान हिस्सेदारी का अधिकार है और वह स्वतंत्र रूप से बंटवारे की मांग कर सकती हैं। उन्होंने अधिनियम की धारा-6 का हवाला दिया है, जो पुत्रियों को हिंदू संयुक्त परिवार की योग्य संपत्ति में पुत्र के समान उत्तराधिकारी के रूप में मान्यता देती है।

लक्ष्मी का दावा व्यापक टीवीएस परिवार की 2020 की व्यवस्था के तहत वेणु श्रीनिवासन शाखा को आवंटित की गई संपत्तियों और व्यवसायों पर है। इनमें वीएस ट्रस्ट और अन्य होल्डिंग संरचनाओं के माध्यम से रखे गए पारिवारिक हित शामिल हैं, जिनमें टीवीएस होल्डिंग्स, टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्लेटन में हिस्सेदारी भी शामिल है।

इस विवाद के केंद्र में मुख्य सवाल यह है कि क्या व्यापक टीवीएस समूह के 2020 के बंटवारे और उसके बाद मार्च, 2024 में वेणु श्रीनिवासन परिवार के चार सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित अलग सहमति ज्ञापन (एमओयू) ने तात्कालिक परिवार के आर्थिक हितों का निपटारा भी कर दिया था।

वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन वेणु का कहना है कि समझौता हो चुका है, जबकि मल्लिका और लक्ष्मी का तर्क है कि परिवार की संपत्तियों का कोई व्यापक आर्थिक बंटवारा पूरा नहीं हुआ है। ये चारों टीवीएस समूह के संस्थापक टी वी सुंदरम अयंगर की तीसरी और चौथी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए