ट्विशा शर्मा केस: दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सुलझा बड़ा विवाद, CBI को सौंपी गई फॉरेंसिक रिपोर्ट
भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में AIIMS दिल्ली की दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट CBI को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में जिम्नास्टिक्स बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू की पुष्टि हुई है।

भोपाल में 12 मई को अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिलीं ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच में एक अहम पहलू स्पष्ट हुआ है। दिल्ली एम्स (AIIMS) के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि कथित तौर पर फंदा बनाने में इस्तेमाल की गई जिम्नास्टिक्स बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू पीड़िता की गर्दन पर मिले चोट के निशानों से मेल खाते हैं।
CBI को सौंपी गई 11 पन्नों की फॉरेंसिक रिपोर्ट
एक एजेंसी के मुताबिक, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने 10 जुलाई को 11 पन्नों की अपनी अंतिम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंपी। रिपोर्ट में लैब और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के आधार पर कहा गया है कि कथित जिम्नास्टिक्स बेल्ट पर स्किन टिश्यू मौजूद थे। आज तक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस संबंध में हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी अनुपालन (कंप्लायंस) रिपोर्ट भेजी गई है।
दूसरे पोस्टमॉर्टम से साफ हुआ अहम विवाद
'आज तक' ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस फॉरेंसिक रिपोर्ट से मामले का एक अहम विवाद सुलझ गया है। अब यह स्पष्ट हो गया है कि मेटल रिंग वाली वही जिम्नास्टिक्स बेल्ट कथित तौर पर फंदे के लिए इस्तेमाल की गई थी। पहली ऑटोप्सी में इस पहलू की पुष्टि नहीं हो सकी थी, क्योंकि कथित तौर पर फंदे में इस्तेमाल की गई वस्तु मेडिकल बोर्ड के सामने पेश नहीं की गई थी।
इसी वजह से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने AIIMS दिल्ली के मेडिकल बोर्ड से दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का निर्देश दिया था। आज तक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लैब और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच में बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू दूसरे पोस्टमॉर्टम के दौरान गर्दन पर पाए गए फंदे के निशान और चोट के पैटर्न से मेल खाते हैं। मेडिकल बोर्ड की यह रिपोर्ट अब CBI की आगे की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
