ट्विशा शर्मा केस: हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम की दी मंजूरी, मौत के 10 द‍िन बाद शव का फ‍िर होगा पोस्टमॉर्टम

ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम की मंजूरी दी है, जबकि AIIMS की टीम भोपाल में जांच करेगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोबारा पोस्टमॉर्टम की मंजूरी दे दी है। ट्विशा के परिजनों ने शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग को लेकर अदालत में अर्जी दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मामले में अब दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंचकर दूसरा पोस्टमॉर्टम करेगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।

कोर्ट में क्या हुई बहस?

सुनवाई के दौरान ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की ओर से पेश वकील ने कहा कि उन्हें दोबारा पोस्टमॉर्टम से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद शव आरोपी पक्ष यानी ससुराल वालों को सौंपा जाए। वहीं सॉलिसिटर जनरल ने अदालत में कहा कि दूसरे पोस्टमॉर्टम का उद्देश्य किसी पर उंगली उठाना नहीं, बल्कि सभी पक्षों का भरोसा कायम करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट या संबंधित डॉक्टर की क्षमता पर कोई संदेह नहीं है।


समर्थ सिंह सरेंडर करना चाहते हैं

मामले की सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट मृगेंद्र सिंह ने कोर्ट को बताया कि समर्थ सिंह अपनी जमानत अर्जी वापस लेना चाहते हैं और ट्रायल कोर्ट के सामने सरेंडर करने को तैयार हैं। हालांकि उन्होंने यह भी मांग की कि ट्रायल कोर्ट उनकी जमानत अर्जी पर उसी दिन फैसला करे। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने विरोध जताते हुए कहा कि जांच के इस चरण में आरोपी के अधिकारों की सीमा तय होनी चाहिए और पोस्टमॉर्टम जैसे मुद्दे पर उसकी भूमिका सीमित है।

AIIMS भोपाल में होगा दूसरा पोस्टमॉर्टम

ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमॉर्टम भोपाल AIIMS में किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली AIIMS से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंचेगी। दिल्ली AIIMS और भोपाल AIIMS के बीच करीब 776 किलोमीटर की दूरी है। पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश करते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।


डेटिंग ऐप से शादी, फिर 5 महीने बाद मौत

जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा की मुलाकात समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं। दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी, लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की सास और पति ने मिलकर उसकी हत्या की है। इसी वजह से परिवार लगातार दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहा था और उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया था।