कर्नाटक: कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं अंबरीश और जाफर शरीफ का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

कर्नाटक में कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं एम.एच. अंबरीश और सीके जाफर शरीफ का निधन हो गया है। 85 साल के जाफर शरीफ का बंगलूरू के एक अस्पताल में निधन हो गया। वहीं अंबरीश का दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार रात को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कन्नड़ अभिनेता और कांग्रेस नेता अंबरीश और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीके जाफर शरीफ के निधन पर राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “यह कांग्रेस पार्टी के लिए त्रासदी का दिन है। जाफर शरीफ का भी निधन हो गया है, जो कर्नाटक में पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।”

जाफर शरीफ के निधन से पहले राहुल गांधी ने एम.एच. अंबरीश के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अंबरीश जी के निधन से कांग्रेस परिवार ने एक मूल्यवान सदस्य खो दिया है। वह कर्नाटक के मशहूर बेटे थे, जिन्होंने एक अभिनेता और राजनेता के तौर पर काम किया। अपने काम से उन्होंने पूरे देश बड़ी संख्या में लोगों का दिल जीता था। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”

बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीके जाफर शरीफ का 85 साल की उम्र में बंगलूरू के एक अस्पताल में निधन हो गया है। कांग्रेस पार्टी की राज्य इकाई के प्रवक्ता रवि गौड़ा ने को बताया, "शरीफ का दोपहर 12.30 के आसपास फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया।"

उन्होंने कहा, "घर पर अचेत होकर गिर जाने के बाद शुक्रवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।"

बेंगलुरू उत्तर और बेंगलुरू ग्रामीण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से सासंद रहे शरीफ पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में 1991-1995 तक केंद्रीय रेलवे मंत्री रह चुके हैं।

जाफर से पहले एम.एच. अंबरीश का दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार रात एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया था। कर्नाटक सरकार ने एम.एच. अंबरीश के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, "दिवंगत नेता के सम्मान के तौर पर, सरकार ने तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है।"

66 वर्षीय कन्नड़ सुपरस्टार अंबरीश पिछली कांग्रेस सरकार में मई, 2013 से जून, 2016 तक पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे थे। वह 2006-2007 तक पहली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री भी रहे और यहां से 100 किलोमीटर दूर मंड्या लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य भी रहे।

अंबरीश को सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में लाया गया, जहां रात लगभग 10.15 बजे दिल का दौरान पड़ने के बाद उनका निधन हो गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 25 Nov 2018, 2:12 PM