उत्तर प्रदेश के संभल में दो पक्ष भिड़े, गोलीबारी में एक शख्स की मौत, तीन घायल

गोली लगने से घायल साहब सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भीकनपुर में चकरोड को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और गोलीबारी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्रीशचंद्र ने बताया कि बुधवार की सुबह थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीकनपुर में सुभाष यादव और साहब सिंह यादव (50) के बीच चकरोड को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और गोलीबारी हुई।


उन्होंने बताया कि इस घटना में गोली लगने से घायल साहब सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने बताया कि जल्द ही तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia