चेन्नई में वायुसेना के एयर शो के बाद गर्मी और उमस से दो लोगों की मौत, 35 को अस्पताल में भर्ती कराया गया

पुलिस ने बताया कि घर लौटते समय दो व्यक्ति बीमार हो गए और इनमें से एक की सरकारी अस्पताल में जबकि एक अन्य की अन्ना सलाई में उसकी बाइक के निकट मौत हो गई। उन्होंने बताया कि लगभग 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें निर्जलीकरण के लक्षण हैं।

चेन्नई में वायुसेना के एयर शो के बाद गर्मी और उमस से दो लोगों की मौत, 35 को अस्पताल में भर्ती कराया गया
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

तमिलनाडु के चेन्नई के मरीना तट पर रविवार को आयोजित भारतीय वायुसेना के ‘एयर शो’ में एकत्र हुए हजारों लोगों को कार्यक्रम के बाद घर लौटने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि इस दौरान दो लोग बीमार हो गए और उनकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घर लौटते समय दो व्यक्ति बीमार हो गए और इनमें से एक की सरकारी अस्पताल में जबकि एक अन्य व्यक्ति की अन्ना सलाई में उसकी बाइक के निकट मौत हो गई। उन्होंने बताया कि लगभग 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें निर्जलीकरण के लक्षण हैं।

भारतीय वायुसेना के विमानों ने स्थानीय मरीना तट के आसमान में अपनी वायुशक्ति और युद्ध-कौशल का प्रदर्शन करते हुए यहां उपस्थित जनसमुदाय को रोमांच से भर दिया। ये लोग रविवार को उमस के बावजूद हजारों की संख्या में यहां पहुंचे और राफेल समेत भारतीय वायुसेना के विभिन्न लड़ाकू विमानों के रणकौशल का भरपूर आनंद उठाया।


इस दौरान निकटवर्ती लाइटहाउस मेट्रो स्टेशन और वेलाचेरी में चेन्नई एमआरटीएस रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और कई लोगों के लिए प्लेटफॉर्म पर खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद कई लोगों ने खतरा उठाकर यात्रा की और कई लोगों की ट्रेन छूट गई। ‘एयर शो’ स्थल के नजदीक अन्ना स्क्वायर पर बस स्टॉप पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र थी।

पुलिस ने बताया कि तीन एंबुलेंस भारी भीड़ के कारण यातायात जाम में फंस गई थी और इन्हें निकालने के लिए पुलिस को कदम उठाने पड़े। मरीना से शहर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों पर यातायात अवरुद्ध हो गया और वाहन एक ही स्थान पर काफी समय तक खड़े रहे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराह्न एक बजे ‘एयर शो’ खत्म होने के लगभग तीन घंटे बाद मरीना तट के निकट यातायात बहाल किया जा सका।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia