'उड़ान' फेम कविता चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, लाखों महिलाओं को पुलिस में भर्ती के लिए किया प्रेरित

'उड़ान'1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। यह कविता की बहन कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन पर आधारित था, जो देश की दूसरी महिला आईपीएस अधिकारी थीं। सीरियल उड़ान को कविता चौधरी ने खुद ही लिखा और निर्देशित किया था और साथ ही खुद ही इसमें मुख्य भूमिका निभाई थी।

'उड़ान' फेम कविता चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
'उड़ान' फेम कविता चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
user

नवजीवन डेस्क

टीवी के शुरुआती दौर में प्रसारित हुए चर्चित टेलीविजन शो 'उड़ान' में आईपीएस अधिकारी की भूमिका के लिए मशहूर अभिनेत्री और निर्देशक कविता चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से अमृतसर में निधन हो गया। उड़ान में उनकी भूमिका ने लाखों महिलाओं को पुलिस बल में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया। शो में उनके सह कलाकार शेखर कपूर ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अमृतसर के पार्वती देवी अस्पताल में आखिरी सांस ली, जहां उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में वहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह लंबे समय से खराब सेहत से जूझ रही थीं।


टेलीविजन शो 'उड़ान'1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। यह शो कविता चौधरी की बहन कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन पर आधारित था, जो किरण बेदी के बाद देश की दूसरी महिला आईपीएस अधिकारी थीं। सीरियल उड़ान को कविता चौधरी ने खुद ही लिखा और निर्देशित किया था और साथ ही खुद ही इसमें मुख्य भूमिका निभाई थी।

कविता चौधरी ने बहुत सारी युवा महिलाओं को प्रेरित किया क्योंकि उस समय पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बहुत कम था। 'उड़ान' ने काफी लोकप्रियता हासिल की और उन्हें घर-घर में मशहूर नाम बना दिया। यह शो कोविड-19 महामारी के दौरान दूरदर्शन पर एक बार फिर से प्रसारित किया गया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia