परिसीमन बिल पर भड़के उद्धव ठाकरे, कहा- सिर्फ बीजेपी के फायदे के लिए तय होंगी क्षेत्रों की सीमाएं
उद्धव ठाकरे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को परिसीमन आयोग का सदस्य बनाए जाने पर आपत्ति जताई। विपक्ष मौजूदा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहा है।

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक वोटों की चोरी करने की कोशिश है और अब निर्वाचन क्षेत्रों का गठन इस तरह किया जाएगा, जिससे केवल बीजेपी को फायदा हो।
मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को परिसीमन आयोग का सदस्य बनाए जाने पर आपत्ति जताई। विपक्ष मौजूदा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहा है।
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से विधेयक का समर्थन किए जाने संबंधी खबरों पर ठाकरे ने कहा, “आप एक साथ दो नावों पर सवार नहीं हो सकते।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पवार से मुलाकात कर उन्हें प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ वोट देने के लिए मनाएंगे, तो ठाकरे ने कहा कि उनके बेटे और पार्टी नेता आदित्य ठाकरे राकांपा (शप) प्रमुख से मुलाकात करेंगे।
ठाकरे ने कहा, “परिसीमन वोटों की चोरी करने की कोशिश है। मैं इस विधेयक का समर्थन कर सकता था, लेकिन मैंने अपनी पार्टी के हितों से ऊपर महाराष्ट्र और भारत के हितों को रखा।”
उन्होंने यह भी कहा कि द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (डीएमके) प्रमुख एमके स्टालिन को परिसीमन विधेयक पर अपने रुख पर फिर से विचार करना चाहिए। ठाकरे ने कहा, “स्टालिन तमिलनाडु के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।”
डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं। पार्टी ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके बाद कांग्रेस के नेता स्टालिन से मुलाकात करने के लिए चेन्नई पहुंचे हैं।
केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है, जिसके तहत निचले सदन में सीटों की संख्या और राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की योजना है। साथ ही, सीटों के नए बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
उद्वव ठाकरे ने कहा, “निर्वाचन क्षेत्रों का गठन केवल भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए किया जाएगा।” उन्होंने बीजेपी पर महिला आरक्षण के नाम पर महिलाओं को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
ठाकरे ने कहा कि सरकार को लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या में बदलाव किए बिना ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करना चाहिए। ठाकरे ने यह भी कहा कि शिवसेना (उबाठा) ने व्हिप जारी किया है। इसमें छह बागी सांसदों समेत पार्टी के सभी नौ सांसदों को व्हिप का पालन करने के लिए कहा गया है।
