UGC रोलबैक पर नड्डा से मिले सवर्ण नेता, बातचीत के बाद 20 सितंबर की महापंचायत स्थगित

UGC रोलबैक को लेकर जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने सवर्ण नेताओं के साथ उनकी मांगों पर चर्चा की। बैठक के बाद आयोजकों ने 20 सितंबर की महापंचायत स्थगित करने का फैसला लिया है।

फोटो: @JPNadda
i
  • जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद UGC रोलबैक महापंचायत टली।

  • राज शेखावत के प्रतिनिधिमंडल ने 20 सितंबर की महापंचायत स्थगित करने का फैसला लिया।

  • नड्डा ने मांगों पर सरकार की ओर से न्यायसंगत विचार का भरोसा दिया।

  • तीन सप्ताह बाद प्रतिनिधिमंडल के साथ फिर बैठक करने की बात कही गई।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने UGC रोलबैक के मुद्दे को लेकर सवर्ण नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के बाद 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित UGC रोलबैक सवर्ण महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। नड्डा ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि सवर्ण महापंचायत समिति के संस्थापक और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया।

नड्डा बोले- मांगों पर न्यायसंगत विचार करेगी सरकार

नड्डा ने बताया कि उनके आवास पर जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में राज शेखावत और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई। प्रतिनिधिमंडल में समृद्ध सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शुभांशु सिंह राजपूत, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के आईटी सेल अध्यक्ष आर.के. सिंह, क्षत्रिय करणी सेना की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. संगीता सिंह और सवर्ण महापंचायत समिति के कानूनी सलाहकार एडवोकेट हिमांशु शर्मा शामिल थे।

नड्डा के मुताबिक, बैठक में प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर न्यायसंगत तरीके से विचार करेगी। साथ ही अगले तीन सप्ताह में प्रतिनिधिमंडल के साथ दोबारा बैठक करने की बात कही।


20 सितंबर को जंतर-मंतर पर होनी थी महापंचायत

क्षत्रिय करणी सेना ने 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण और हाल में अधिसूचित यूजीसी नियमों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। इसी को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में भी मामला पहुंचा था। प्रस्तावित कार्यक्रम को UGC रोलबैक सवर्ण महापंचायत के तौर पर आयोजित किया जाना था।

बैठक के बाद इस महापंचायत को स्थगित करने का फैसला लिया गया। नड्डा ने कहा कि सरकार प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाई गई मांगों पर विचार करेगी और तीन सप्ताह के भीतर फिर बातचीत होगी। इस तरह फिलहाल 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित महापंचायत नहीं होगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए