उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम जमानत, दिल्ली पुलिस को नोटिस किया जारी
अदालत ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने साफ किया कि अंतरिम जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है।
कोर्ट ने साफ किया कि अंतरिम जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।
अदालत ने दोनों की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने दोनों की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने साफ किया कि अंतरिम जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।
अंतरिम जमानत पर फैसला टला, दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
बुधवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत से अंतरिम जमानत की मांग पर जल्द विचार करने का अनुरोध किया था। हालांकि, कोर्ट ने इस स्तर पर राहत देने के बजाय दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर उसका जवाब मांगा है।
तीन जजों की बेंच करेगी कानूनी पहलू पर विचार
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस मामले में एक अहम कानूनी सवाल पर पहले विचार करना जरूरी है। अदालत ने निर्देश दिया कि यह मामला तीन जजों की पीठ के सामने रखा जाए।
मुख्य सवाल यह है कि क्या UAPA जैसे सख्त कानून के तहत दर्ज मामलों में मुकदमे की सुनवाई में होने वाली देरी जमानत देने का आधार बन सकती है। सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, इस कानूनी मुद्दे पर बड़ी पीठ का फैसला आने के बाद ही दोनों की जमानत याचिकाओं पर आगे विचार किया जाएगा।
हाईकोर्ट भी खारिज कर चुका है जमानत याचिका
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने भी दोनों को जमानत देने से मना कर दिया था।
अदालत ने कथित बड़ी साजिश में उमर खालिद और शरजील इमाम की भूमिका को अहम माना था। वहीं, इसी मामले में आरोपी गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य लोगों को जमानत दे दी गई थी। कोर्ट ने उनकी कथित भूमिका को उमर खालिद और शरजील इमाम से अलग माना था।
CJI सूर्यकांत ने केए नजीब फैसले का किया जिक्र
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने 2021 के चर्चित केए नजीब मामले के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस फैसले की व्याख्या को लेकर चर्चा हो रही है, उसे उन्होंने खुद लिखा था, इसलिए इस पर विचार करते समय उन्हें थोड़ी झिझक हो रही है।
दरअसल, केए नजीब मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि UAPA के तहत जमानत पर लगी सख्त शर्तें भी संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिलने वाले त्वरित सुनवाई के अधिकार को खत्म नहीं कर सकतीं। यदि मुकदमे में अत्यधिक देरी हो रही है और निकट भविष्य में सुनवाई पूरी होने की संभावना नहीं है, तो यह जमानत देने का आधार बन सकता है।
अब तीन जजों की पीठ के फैसले का इंतजार
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से राहत नहीं दी है। अब तीन जजों की पीठ UAPA के मामलों में ट्रायल में देरी और जमानत के बीच कानूनी संबंध पर विचार करेगी। इस फैसले के बाद ही दोनों की जमानत याचिकाओं पर आगे की सुनवाई का रास्ता साफ होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
