उमर खालिद-शरजील इमाम को मिलेगी जमानत या जेल में ही कटेंगे दिन? सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई

उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। मामले में 900 से अधिक गवाह और लंबी न्यायिक हिरासत अहम मुद्दे हैं।

सुप्रीम कोर्ट आज उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।
i
  • फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के मामले में सुप्रीम कोर्ट आज उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।

  • दोनों ने दलील दी है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है, जबकि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय 1 साल की अवधि खत्म होने के करीब है।

  • शरजील इमाम की याचिका के मुताबिक, मामले में 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची दी है।

  • दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अब उन्होंने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

दिल्ली के फरवरी 2020 के दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में जेल में बंद कार्यकर्ता उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर आज यानी 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने वाली है। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं। इस बार दोनों की ओर से मुकदमे में देरी और संरक्षित गवाहों की गवाही शुरू नहीं होने को जमानत का आधार बनाया गया है।

सुप्रीम कोर्ट की वाद सूची के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ दोनों याचिकाओं पर सुनवाई कर सकती है। दोनों आरोपियों का कहना है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी 2026 के आदेश में जमानत के लिए दोबारा आवेदन करने की जो एक साल की समय-सीमा तय की गई थी, वह भी नजदीक आ रही है।

उमर खालिद और शरजील इमाम ने जमानत के लिए क्या दलील दी?

शरजील इमाम ने अपनी याचिका में मुकदमे की धीमी रफ्तार का मुद्दा उठाया है। याचिका के मुताबिक, इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। कुल 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची अदालत को सौंपी है। इनमें 47 संरक्षित गवाह भी शामिल हैं। इमाम की ओर से कहा गया है कि छह साल से अधिक समय जेल में बिताने के बावजूद अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है।

उमर खालिद ने भी अपनी याचिका में संरक्षित गवाहों की गवाही नहीं होने का सवाल उठाया है। उनका तर्क है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्धारित एक साल की अवधि पूरी होने के बाद भी उन्हें जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा। दोनों की याचिकाओं में लंबी न्यायिक हिरासत और मुकदमे की प्रगति को जमानत पर विचार करने का आधार बताया गया है।


दिल्ली हाईकोर्ट ने क्यों खारिज की थी जमानत याचिका?

उमर खालिद और शरजील इमाम को दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को यूएपीए के तहत दर्ज मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह न्यायिक अनुशासन से बंधा हुआ है और सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के आदेश में तय शर्तों को बदल नहीं सकता। दोनों ने ट्रायल कोर्ट के 4 जुलाई 2026 के फैसले को भी चुनौती दी थी। ट्रायल कोर्ट ने उनकी जमानत याचिकाएं तीसरी बार खारिज कर दी थीं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी 2026 को दोनों को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा था कि वे संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश की तारीख से एक साल बीतने के बाद, जो भी पहले हो, जमानत के लिए दोबारा आवेदन कर सकते हैं। उस समय शीर्ष अदालत ने दोनों की भूमिका को अन्य सह-आरोपियों से अलग बताते हुए उन्हें कथित साजिश का वैचारिक नेतृत्वकर्ता बताया था। इसी आदेश के आधार पर ट्रायल कोर्ट ने उनकी नई जमानत याचिकाओं पर राहत देने से इनकार किया था।

क्या है दिल्ली दंगों का पूरा मामला?

यह मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा से जुड़ा है। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस हिंसा के पीछे कथित बड़ी साजिश की जांच कर रही है। उमर खालिद और शरजील इमाम पर इस साजिश में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में कार्यकर्ता खालिद सैफी और आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत कई अन्य लोग भी आरोपी हैं।

शरजील इमाम को 25 अगस्त 2020 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उमर खालिद की गिरफ्तारी 13 सितंबर 2020 को हुई थी। इससे पहले 2 सितंबर 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने भी उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया यूएपीए के तहत मामला बनता मानते हुए जमानत नहीं दी थी। हालांकि, उसी सुनवाई में सह-आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत दे दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई 2026 को इसी मामले के सह-आरोपी अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। शीर्ष अदालत ने यूएपीए के तहत जमानत की सख्त शर्तों के बीच विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखने से जुड़े सवाल को बड़ी पीठ के पास भी भेजा था। अब उमर खालिद और शरजील इमाम की याचिकाओं पर होने वाली सुनवाई में यह देखना अहम होगा कि सुप्रीम कोर्ट उनकी दलीलों पर क्या रुख अपनाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए