देश में बढ़ती जा रही है बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता, इसके खिलाफ है भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "देश में जो बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता बढ़ती जा रही है उसके खिलाफ हमने यह पदयात्रा शुरू की और यह यात्रा बहुत सफल रही है।"

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पंजाब के होशियारपुर में 'भारत जोड़ो यात्रा' के बीच प्रेस से बात की। राहुल गांधी ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा' के चार महीने से ज्यादा हो गए हैं। यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई और अब पंजाब से निकल रही है। कल हम हिमाचल प्रदेश में होंगे। पदयात्रा का मकसद हिंदुस्तान में जो नफरत फैलाई जा रही है, हिंसा फैलाई जा रही है उसके खिलाफ खड़ा होना है। देश में जो बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता बढ़ती जा रही है उसके खिलाफ हमने यह यात्रा शुरू की और यह यात्रा बहुत सफल रही है।"

उन्होंने कहा, "देश में आर्थिक असमानता को लेकर दो आंकड़े आज मुझे मिले हैं। हिंदुस्तान के 21 सबसे अमीर लोगों के पास उतना ही धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है, यह पहला आंकड़ा है। दूसरा आंकड़ा यह है कि हिंदुस्तान के सबसे अमीर 1 फीसदी के पास हिंदुस्तान का 40 फीसदी धन है। इन चीजों के खिलाफ हमने यह यात्रा शुरू की है।"

राहुल गांधी ने कहा देश के 50 प्रतिशत सबसे गरीब लोग 64 प्रतिशत जीएसटी देते हैं। वहीं, देश के 10 प्रतिशत सबसे अमीर लोग सिर्फ 3 प्रतिशत जीएसटी देते हैं। उन्होंने कहा देश का मीडिया इन चीजों पर सवाल नहीं करता है।


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "देश के आज सभी संस्थानों पर बीजेपी और आरएसएस का कंट्रोल है। हिंदुस्तान के सभी संस्थानों पर उनका दबाव है। प्रेस पर दबाव है, नौकरशाही दबाव है, चुनाव आयोग पर दबाव है, न्यायापालिका पर दबाव है। सभी संस्थान इन्होंने कब्जा कर रखा है। यह लड़ाई अब वैसी लड़ाई नहीं रह गई जो पहले राजनीतिक लड़ाई हुआ करती थी। यह एक राजनीतिक पार्टी की दूसरी राजनीतिक पार्टी के बीच में लड़ाई नहीं है।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia