नोएडा में आज भी बवाल! मजदूरों का कई जगह प्रदर्शन, सेक्टर 121 और 80 में पुलिस पर पत्थरबाजी
नोएडा के कई इलाकों में मजदूरों ने आज भी प्रदर्शन किया और कुछ स्थानों पर पुलिस पर पथराव की घटनाएं सामने आईं, जिससे तनाव की स्थिति बनी रही।

नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार सुबह भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए। शहर के कई इलाकों में मजदूरों ने एक बार फिर प्रदर्शन किया और कुछ स्थानों पर पुलिस पर पथराव की घटनाएं सामने आईं, जिससे तनाव की स्थिति बनी रही।
सबसे ज्यादा असर सेक्टर 121 में देखने को मिला, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई बसों और अन्य वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की।
सेक्टर 80 में पत्थरबाजी, सेक्टर 70 में भी प्रदर्शन
वहीं सेक्टर 80 में भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई। यहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया। इसके अलावा सेक्टर 70 में भी मजदूरों का प्रदर्शन हुआ, जहां कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना रहा। हालांकि समय रहते पुलिस ने स्थिति संभाल ली। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इसी बीच मंगलवार को सेक्टर 63 नोएडा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारी इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस जारी किया था, लेकिन कर्मचारियों को आशंका थी कि यदि वे हाजिरी दर्ज नहीं करेंगे तो उनका वेतन कट सकता है। इसी वजह से वे फैक्ट्री गेट पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाकर शांत कराया और भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है तथा वेतन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताया
उनका कहना है कि इस हंगामे के पीछे एक प्लान के तहत काम किया गया है और इसमें तथाकथित “टूलकिट” के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। साथ ही कुछ बाहरी तत्वों की भूमिका होने की भी संभावना जताई जा रही है।
सोमवार को हुई हिंसा के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में सेक्टर 6 समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। पूरे क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia