रक्षाबंधन पर यूपी के बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और डंपर की टक्कर में 2 लोगों की मौत, 24 घायल

बुलंदशहर में दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस NH-34 पर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत और 24 लोग घायल हो गए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आज सुबह दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में बगराई कट के पास NH-34 पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में एक 9 साल की बच्ची भी शामिल है, जबकि दूसरी मृतक महिला की पहचान बबली के रूप में हुई है।

सुबह करीब 6:30 बजे हुआ हादसा

बुलंदशहर के एडीएम अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6:30 बजे खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शिकारपुर के पास बस ने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी। हालांकि, हादसे की पूरी जानकारी अभी जुटाई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं और जरूरी मदद उपलब्ध कराने की बात कही गई है।


24 लोग घायल, 2 की मौत

एडीएम के मुताबिक, हादसे में कुल 24 लोग घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक 9 साल की बच्ची को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, बबली नाम की एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है।

बाकी घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल और दूसरे चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों को इलाज के बाद चिकित्सकीय सलाह पर अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज अभी जारी है। अधिकारियों ने अस्पतालों में घायलों के इलाज की व्यवस्था पर नजर बनाए रखी है।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। एडीएम ने बताया कि अधिकारियों को घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे से जुड़ी बाकी जानकारी जुटा रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट में बस के आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकराने की बात सामने आई है।