यूपी कांग्रेस ने लांच किया ‘यूपी मित्र’ पोर्टल, कोरोना संकट में फंसे लोगों को मिलेगी बड़ी मदद

कोरोना महामारी से पैदा हालात में कांग्रेस गरीबों-मजदूरों की लगातार मदद कर रही है। पूरे देश में बड़ी संंख्या में पलायन कर रहे मजदूरों की मदद के लिए कई जगह कांग्रेस कार्यकर्ता लगे हुए हैं। अब तक हजारों ऐसे मजदूरों को कांग्रेस कार्यकर्ता उनके घर भेज चुके हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कोरोना महामारी में आम लोगों की मदद के लिए 'यूपी मित्र' नाम का चैट पोर्टल लांच किया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया, "महामारी में आम लोगों की मदद के लिए हमने यह यूपी मित्र चैट पोर्टल लांच किया है। इस पोर्टल के जरिये आम लोगों की समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और फिर प्रदेश कांग्रेस यथासंभव उनकी मदद करेगी। साथ ही इन समस्याओं की सूची मुख्यमंत्री को भी भेजी जाएगी, ताकि सरकार भी आपदा में फंसे लोगों की मदद करे।"

यूपी कांग्रेस अध्य़क्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि इस चैट पोर्टल का लिंक सोशल मीडिया, मैसेज और अन्य संचार माध्यमों से प्रचारित किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की समस्याओं को जाना जा सके और मदद की जा सके। एक चैट पोर्टल होने से बहुत आसानी हो जाएगी। लोग सीधे अपनी समस्या और जरूरत बता सकेंगे और फिर मदद भी उसी गति से मिल सकेगी। इस पोर्टल को वैल्यूफर्स्ट एजेंसी ने तैयार किया है। एजेंसी ने पार्टी को यह सेवा निशुल्क उपलब्ध कराई है।

अजय कुमार लल्लू ने बताया कि इसके साथ ही पूरे प्रदेश में हम जगह-जगह रसोईघर चला रहे हैं, गाजियाबाद, हापुड़, कानपुर, इलाहाबाद, लखीमपुर खीरी, लखनऊ समेत 17 जिलों में बना-बनाया खाना जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जा रहा है। पूरे सूबे में हमारी जिला कमेटियां जरूरतमंद लोगों को राशन मुहैया करवा रहीं हैं। प्रदेश के बाहर जो मजदूर फंसे हैं, वहां भी मदद पहुंचाई जा रही है।

गौरतलब है कि कोरोना महामारी में लॉकडाउन से पैदा हालात में कांग्रेस पार्टी गरीबों-मजदूरों की काफी सक्रियता से मदद कर रही है। पूरे देश में बड़ी संंख्या में पलायन कर रहे मजदूरों की मदद के लिए कई जगह कांग्रेस कार्यकर्ता लगे हुए हैं। इन मजदूरों की घर वापसी पर सरकार द्वारा किराया वसूलने पर सोनिया गांधी द्वारा मजदूरों के घर लौटने का खर्च पार्टी द्वारा उठाने की घोषणा के बाद अब तक कई प्रदेशों से हजारों मजदूरों को कांग्रेस कार्यकर्ता वापस उनके घर भेज चुके हैं।

इसी तरह एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से उत्तर प्रदेश के लिए एक लाख मास्क भेजा गया है। उसके दो दिन पहले मुजफ्फरनगर के एक गरीब परिवार की आर्थिक तंगी की खबर पढ़कर प्रियंका गांधी ने उस परिवार के लिए अपनी तरफ से मदद भेज दी। खबर सामने आने के दूसरे दिन ही कांग्रेस के कार्यकर्ता उस परिवार के घर मदद लेकर पहुंच गए। इस तरह की कई घटनाएं और मिसाल हैं, जो बताने के लिए काफी हैं कि सरकार में नहीं रहने के बावजूद कांग्रेस उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में आम गरीब लोगों की मदद करने की कोशिश कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia