यूपीः कांग्रेस की गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा कल से, आज ही से कई नेताओं को किया गया नजरबंद

कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर ने बताया कि यात्रा के पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खाड़े, पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य जी समेत तमाम नेताओं को नजरबंद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कियूपी में रोज लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 26 दिसंबर से बुंदेलखंड के ललितपुर की सौजाना गौशाला से गाय बचाओ, किसान बचाओ पद यात्रा निकालने जा रही है। कांग्रेस ने बताया कि यह पद यात्रा गोवंश और किसानों के संरक्षण के लिए हो रही है। इस बीच कल शुरू होने वाली पद यात्रा से पहले आज से ही प्रदेश के कई कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। कांग्रेस ने इसे लेकर भारी विरोध जताया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने बताया, "बुंदेलखंड से गाय बचाओ किसाना बचाओ पद यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 26 दिसंबर को ललितपुर की सौजना गौशाला से निकलकर बुन्देलखंड के सभी जिलों से होती हुई चित्रकूट में पवित्र मंदाकिनी नदी के तट पर समाप्त होगी। जहां सरकार की दुर्व्यस्था से मरी गायों की अस्थियों का तर्पण होगा।"

कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर ने बताया कि पूरे प्रदेश में गौशालाएं कत्लगाह में तब्दील हो गई हैं। चारा-पानी का प्रबंध न होने के चलते गौमाता तड़प-तड़प कर दम तोड़ रही हैं। पूरे सूबे की गौशालाएं हिटलरी नाजी कैम्पों में तब्दील हो गयी हैं। उन्होंने कहा, "यात्रा के पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खाड़े, पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य जी समेत तमाम नेताओं को नजरबंद कर लिया गया। यूपी में रोज लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। क्या उत्तर प्रदेश में किसानों के मुद्दे उठाना गुनाह है।"

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा, "हम किसानों के बेटे हैं। इस मिट्टी और गाय से हमारा रिश्ता भावनाओं का है। बीजेपी सरकार में किसानों और गाय दोनों की दुर्दशा हो रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।" वहीं सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि आज प्रदेश में तानाशाही चरम पर है। कोई आवाज उठाता है तो बर्बर दमन होता है। झांसी में हमारे राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप आदित्य जैन समेत तमाम नेताओं को नजरबंद करना लोकतंत्र का गला घोंटना है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia