यूपी: बाढ़ से बढ़ी मुश्किलें, 'यमुना ने चूमा ताज का चौखट', प्रयागराज और मथुरा में भी हालात चिंताजनक
उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा और प्रयागराज समेत कई जगहों पर फिर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का पानी निचले इलाकों में भर गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

भारी बारिश के बाद उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा है। आगरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। यमुना का पानी ताज महल तक पहुंच गया है। ताजमहल की बाहरी दीवार तक नदी का पानी पहुंच गया। यह स्थिति 2023 जैसा ही है, जब यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रहा था। जानकारों का कहना है कि ताजमहल संरचना की डिजाइन ऐसी स्थिति को ध्यान में रखकर की गई है। ऐसे में ताजमहल को कोई नुकसान होने की आशंका नहीं है।
प्रयागराज में गंगा-यमुना से बढ़ा खतरा
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। शाम 4 बजे तक यमुना का स्तर नैनी में 83.81 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गंगा का स्तर फफामऊ में 84.01 मीटर और छठघाठ में 83.25 मीटर रहा। जलस्तर में यह बढ़ोतरी हर 4 घंटे में 6 से 8 सेंटीमीटर की रफ्तार से हो रही है। ऐसे में यहां बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन द्वारा NDRF, SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक टीमें मिलकर प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में पहुंचा रहे हैं।
मथुरा में भी हालत ठीक नहीं
यमुना का पानी मथुरा के कई इलाकों में कोहराम मचा रहा है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। घरों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मथुरा में पुलिस-प्रशासन की टीम राहत अभियान चला रही है।
मथुरा में कम से कम 5,000 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर जाने वाला रास्ता पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है।
बढ़ते जलस्तर से बढ़ी मुश्किलें
वृंदावन में एक शवयात्रा श्रद्धांजलि के साथ घुटनों तक पानी में चलकर मोक्षधाम तक पहुंचाई गई।
खदर क्षेत्र में 13 गांव ‘टापू’ बन गए हैं।
कई क्षेत्रों में 3-4 फीट तक पानी भरा हुआ है, जिससे बेसमेंट और निचली मंजिल में पानी भर गया है।
मथुरा डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी के साथ ट्रैक्टर पर प्रभावित इलाकों में पहुंचे, प्रभावितों से बात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia