गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली घटना, 3 नाबालिग बहनों ने इमारत से कूदकर दी जान, टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं तीनों

गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने इमारत की 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेस के गाजियाबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग सगी बहनों की मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा फैल गया। मामला थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी का है, जहां देर रात तीनों बहनों ने एक साथ इमारत की 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी।

रात करीब ढाई बजे हुई घटना

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीती रात करीब 2:30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग बाहर निकले। नीचे पहुंचने पर तीनों बच्चियां जमीन पर मिलीं। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।


तीनों बहनें नाबालिग

पुलिस के अनुसार, मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) के रूप में हुई है। तीनों सगी बहनें थीं और एक ही फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहती थीं।

गेमिंग ऐप की लत की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से इस गेमिंग ऐप पर सक्रिय थीं। हालांकि, सामूहिक रूप से यह कदम क्यों उठाया गया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।


सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है, जिस पर सिर्फ “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा हुआ है। इस नोट को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शवों को एम्बुलेंस के जरिए 50 शैय्या अस्पताल, लोनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

शालीमार गार्डन के पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 02:15 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि भारत सिटी स्थित टावर बी-1, फ्लैट नंबर 907 की नौवीं मंजिल की बालकनी से तीन बच्चियां कूद गई हैं। जांच में पुष्टि हुई कि तीनों की मौत जमीन पर गिरने की वजह से हुई है।


डिजिटल गतिविधियों की भी जांच

पुलिस ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही तीनों बहनों के मोबाइल फोन, ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल डेटा की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

इलाके में शोक और सन्नाटा

इस घटना के बाद भारत सिटी और आसपास के इलाके में गहरा शोक है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी को यकीन नहीं हो रहा कि इतनी छोटी उम्र में तीन बहनों ने ऐसा कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia