यूपी के हमीरपुर में मातम: यमुना नदी में पलटी नाम, 9 लोग थे सवार, अब तक 2 शव बरामद, 4 बच्चे अब भी लापता
हमीरपुर के कुतुबपुर गांव में यमुना नदी में नाव पलट गई। हादसे में एक महिला और बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे लापता हैं। SDRF रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास एक नाव अचानक पलट गई, जिसमें कुल 9 लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। वहीं, चार बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार हो रही तेज बारिश और नदी की तेज धारा के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुतुबपुर गांव निवासी देशराज निषाद के घर बुधवार को बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार गांव पहुंचे हुए थे। गुरुवार को परिवार के कुछ सदस्य यमुना नदी के दूसरी तरफ तरबूज और खरबूज खाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि विष्णु निषाद अपनी पत्नी और रिश्तेदारी के 7 बच्चों को नाव से नदी पार कर बारी में लेकर गए थे। वहां, सभी ने तरबूज और खरबूज तोड़े और उन्हें नाव में रखकर वापस गांव लौट रहे थे।
नाव पलटते ही मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही यमुना नदी के बीच पहुंची, अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और नाव पलट गई। नाव के पलटते ही उसमें सवार सभी लोग तेज धारा में बहने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे के दौरान विष्णु निषाद और एक बच्चे ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि बाकी 6 लोग नदी में लापता हो गए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि चार बच्चे अभी भी लापता हैं। बच्चों के लापता होने से परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजन नदी किनारे अपनों की तलाश में बैठे हुए हैं।
SDRF और गोताखोरों की मदद से चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में भी तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, SDRF समेत अन्य बचाव टीमों की सहायता ली जा रही है और लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है।
नदी की तेज धारा और बढ़े जलस्तर की वजह से रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द लापता बच्चों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पूरे गांव में मातम और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
