उत्तर प्रदेश में लू का कहर: 32 जिलों में अलर्ट, 44°C पार पहुंचा पारा

यूपी में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। तापमान 44 डिग्री पार पहुंच गया है। 32 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल 25 अप्रैल तक राहत नहीं मिलने वाली है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी-लू का कहर।
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बुधवार सुबह सात बजे से ही तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है, जबकि मौसम विभाग ने राज्य के 32 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।

पूर्वी से पश्चिमी यूपी तक गर्मी का प्रकोप

भीषण गर्मी ने यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। खासतौर पर बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से सटे दक्षिणी जिलों में गर्म हवाएं और लू के थपेड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। सुबह से ही तीखी धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दिन चढ़ने के साथ स्थिति और खराब हो रही है।

मंगलवार को बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री और प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।


32 जिलों में लू का अलर्ट, 25 अप्रैल तक राहत नहीं

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शुष्क पछुआ हवाओं के कारण कई जिलों में लू जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शाहजहांपुर समेत 32 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।

पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अप्रैल तक प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि 26 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद बादलों की गतिविधि बढ़ने से थोड़ी राहत मिल सकती है।

स्कूल टाइमिंग बदली, प्रशासन अलर्ट

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने भी कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी विशाख जी ने आदेश जारी कर प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित कर दिया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।


राजधानी में भी गर्मी का कहर जारी

राजधानी में भी मंगलवार को गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान में करीब 1.4 डिग्री की गिरावट के बावजूद 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

दोपहर में झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान नजर आए। स्कूल से लौटते बच्चों के चेहरे धूप में मुरझाए दिखे। वहीं, सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग छांव की तलाश करते नजर आए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia