उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में पारा 47°C पार, जानें कब मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। बांदा में तापमान 47°C के पार दर्ज किया गया है। 30 अप्रैल तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी है। 40 जिलों में लू की चेतावनी दी गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां बांदा में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और झांसी में भी पारा 44-45 डिग्री के बीच बना रहा। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

सुबह से झुलसा रही धूप, रातें भी बनी मुसीबत

प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो गई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। राजधानी लखनऊ में भी तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3-4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।


पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, बारिश का अलर्ट

इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। 27 अप्रैल से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि पूर्वी हिस्सों में अभी भी मौसम शुष्क रहेगा और लू का असर जारी रहेगा।

28 से 30 अप्रैल तक बढ़ेगी गतिविधि

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अप्रैल से मौसम और सक्रिय होगा। नोएडा, आगरा, मेरठ समेत कई जिलों में बादल छाने के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 29 और 30 अप्रैल तक यह असर और तेज होगा, जब प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यह सिलसिला 2 मई तक जारी रहने की संभावना है।


आज इन जिलों में बारिश, 40 जिलों में लू का अलर्ट

आज नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर समेत करीब 40 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है, जहां फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia