यूपी में 31 मई तक रोज होगी इतने घंटे बिजली कटौती, आदेश जारी, देखें पूरा शेड्यूल
यूपी में 1 मई से 31 मई 2026 तक तहसील मुख्यालय और नगर पंचायतों में रोज 2:30 घंटे बिजली कटौती होगी। यूपीएसएलडीसी ने पूरा शेड्यूल जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में मई महीने के दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (UPSLDC) ने आदेश जारी करते हुए साफ किया है कि प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों और नगर पंचायतों में 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक प्रतिदिन निर्धारित समय पर बिजली कटौती की जाएगी। आदेश के मुताबिक यह कटौती रोज कुल 2 घंटे 30 मिनट की होगी और इसे अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
28 अप्रैल 2026 को जारी ई-मेल संदेश में अधीक्षण अभियंता (प्रणाली नियंत्रण) ने सारनाथ, पक्की, लखनऊ और मोदीपुरम नियंत्रण क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश भेजे हैं। इसमें कहा गया है कि ग्रिड सुरक्षा और केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (CERC) के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
अलग-अलग क्षेत्रों के लिए तय हुआ अलग टाइम टेबल
UPSLDC के आदेश में विभिन्न नियंत्रण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, मिर्जापुर और पूर्वांचल के कई जिले सारनाथ नियंत्रण क्षेत्र में रखे गए हैं। यहां तहसील मुख्यालयों में सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक और दोपहर 12:15 बजे से 1:15 बजे तक बिजली कटौती होगी। वहीं नगर पंचायतों में सुबह 5:45 बजे से 6:45 बजे तक और दोपहर 1:15 बजे से 2:45 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
आगरा, अलीगढ़, झांसी, कानपुर, फिरोजाबाद, इटावा और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिले पक्की नियंत्रण क्षेत्र में शामिल किए गए हैं। यहां तहसील मुख्यालयों में सुबह 6:15 बजे से 7:45 बजे तक और शाम 3:30 बजे से 4:30 बजे तक बिजली कटेगी। नगर पंचायतों में सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक और दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक कटौती लागू रहेगी।

लखनऊ और पश्चिमी यूपी के लिए भी तय हुआ शेड्यूल
लखनऊ नियंत्रण क्षेत्र में अंबेडकरनगर, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, अयोध्या, लखनऊ और आसपास के जिलों को शामिल किया गया है। इन इलाकों के तहसील मुख्यालयों में सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक और दोपहर 12:15 बजे से 1:15 बजे तक बिजली कटौती होगी। नगर पंचायतों में सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक और दोपहर 2:00 बजे से 3:30 बजे तक सप्लाई बंद रहेगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर, संभल और मुरादाबाद समेत कई जिलों को मोदीपुरम नियंत्रण क्षेत्र में रखा गया है। यहां तहसील मुख्यालयों में सुबह 7:00 बजे से 8:30 बजे तक और शाम 3:00 बजे से 4:00 बजे तक बिजली कटेगी। नगर पंचायतों में सुबह 6:45 बजे से 7:45 बजे तक और दोपहर 2:45 बजे से 4:15 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
ग्रिड सुरक्षा का हवाला, अधिकारियों को दिए निर्देश
आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था सामान्य आपूर्ति की स्थिति में लागू रहेगी और बिजली कटौती का सर्वाधिकार प्रणाली नियंत्रण के अधीन रहेगा। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सभी पारेषण और वितरण उपकेंद्रों को समय से सूचना दी जाए ताकि तय शेड्यूल के अनुसार, कटौती लागू हो सके।
प्रदेश में गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच जारी नए आदेश से यह साफ हो गया है कि इसका असर लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
