उत्तर प्रदेश: शादी में 'महाभारत', छोटी सी बात पर दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर चले लाठी-डंडे, पहुंची पुलिस
सहारनपुर के नागल में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद हिंसा में बदल गया। लाठी-डंडों से मारपीट में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई की।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के नागल कस्बे में एक शादी समारोह ‘महाभारत’ में बदल गया, जब बारात के दौरान मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। रेलवे रोड स्थित एक शादी पैलेस के बाहर बाराती और लड़की पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे और मौके पर अफरातफरी मच गई।
रिबन काटने की रस्म से पहले शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव गांगनोली निवासी राजसिंह की बेटी की शादी भिक्कनपुर निवासी पंकज के साथ तय थी। शादी की रस्में चल रही थीं और बारात की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शाम करीब 5 बजे रिबन काटने की रस्म की तैयारी की जा रही थी, तभी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद कुछ ही देर में बढ़कर मारपीट में बदल गया।
लाठी-डंडों से हमला, कई लोग घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस झड़प में बाराती पक्ष से 18 वर्षीय अभिनव समेत दूसरे पक्ष के ओपिन और विपिन घायल हो गए।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अभिनव की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई और समझौते के बाद शांति
देवबंद सीओ अमितेश सिंह के मुताबिक, 1 अप्रैल को थाना नांगल क्षेत्र में शादी के दौरान मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थिति सामान्य हो चुकी थी। जांच में सामने आया कि दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच आपसी विवाद के चलते हाथापाई हुई थी।
पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर 170 BNSS के तहत कार्रवाई की। हालांकि, शादी का माहौल होने के कारण दोनों पक्षों में समझौता हो गया और वे आगे कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे। पुलिस ने अन्य लोगों को समझाकर शांति बनाए रखने की हिदायत दी और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia