UP Voter List: यूपी के 21 जिलों में अचानक क्यों घटे वोटर? EC ने बुलाई हाई लेवल बैठक, 2027 से पहले होगी पड़ताल

उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में मतदाताओं की संख्या घटने पर चुनाव आयोग ने आगरा में बैठक बुलाई है। वोटर लिस्ट, नामों के विलोपन और डिजिटल सत्यापन की समीक्षा होगी।

उत्तर प्रदेश के पांच मंडलों के 21 जिलों में मतदाताओं की संख्या में कमी आई है।
i
  • उत्तर प्रदेश के पांच मंडलों के 21 जिलों में मतदाताओं की संख्या में कमी आई है।

  • विधानसभा चुनाव-2027 से पहले चुनाव आयोग मतदाताओं की संख्या घटने के कारणों की पड़ताल करेगा।

  • आगरा में होने वाली समीक्षा बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता और नामों में कमी की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा।

  • डीएम मनीष बंसल ने होटल आईटीसी मुगल पहुंचकर बैठक की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के पांच मंडलों के 21 जिलों में मतदाताओं की संख्या में आई कमी की वजह तलाशने के लिए आयोग ने आज आगरा में हाई लेवल समीक्षा बैठक बुलाई है। इसमें यह पड़ताल होगी कि आखिर इन जिलों में वोटरों की संख्या क्यों घटी, कितने नाम सूची से हटाए गए और मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों की क्या स्थिति है।

इस बैठक में दिल्ली और लखनऊ से पहुंचे आयोग के वरिष्ठ अधिकारी जिलावार निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मतदाता सूची के डिजिटल सत्यापन से लेकर नए मतदाताओं के पंजीकरण तक, हर पहलू पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी। बैठक में पांच मंडलों के 21 जिलों के जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल होंगे।

5 मंडलों के 21 जिलों में घटे वोटरों की होगी पड़ताल

आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा और आयोग के दो उपायुक्त भी इसमें मौजूद रहेंगे। आगरा, कानपुर, बरेली, झांसी और चित्रकूट मंडलों के 21 जिलों के अधिकारी अपने-अपने जिले की निर्वाचन तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।

बैठक का सबसे अहम मुद्दा मतदाता सूची में मतदाताओं की घटती संख्या होगी। आयोग यह समझने की कोशिश करेगा कि नामों के विलोपन की वजह क्या रही और कहीं सूची में दोहरी प्रविष्टियां तो नहीं हैं। इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने और डिजिटल सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर भी अधिकारियों से जानकारी मांगी जाएगी।


तीन सत्रों में होगी निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा

समीक्षा बैठक में तीन अलग-अलग सत्र रखे गए हैं। पहले सत्र में मतदाता सूची, घटे हुए मतदाताओं की संख्या, नामों के विलोपन, दोहरी प्रविष्टियों और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र में मतदान केंद्रों की उपलब्धता और स्थिति के साथ ईवीएम-वीवीपैट, निर्वाचन कार्मिकों की संख्या और उनके प्रशिक्षण की समीक्षा की जाएगी।

तीसरे सत्र में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और मतदाता जागरूकता अभियान की तैयारियों पर चर्चा होगी। इस तरह आयोग विधानसभा चुनाव-2027 से पहले निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े सभी प्रमुख पहलुओं की स्थिति जानना चाहता है।

डीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

बैठक की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने होटल आईटीसी मुगल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

विधानसभा चुनाव से पहले आयोग की यह समीक्षा बैठक इसलिए अहम है, क्योंकि इसमें पांच मंडलों के 21 जिलों की मतदाता सूची और चुनावी तैयारियों की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा। खास तौर पर मतदाताओं की संख्या में कमी के कारणों की पड़ताल पर सबकी नजर रहेगी।