UP Voter List: वोटर लिस्ट से कट गया है नाम तो जरूर करें ये काम, आज यूपी में आखिरी विशेष अभियान!

उत्तर प्रदेश में आज वोटर लिस्ट से जुड़े विशेष अभियान का आखिरी दिन है। BLO सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मिलेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 16 दिसंबर है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश में आज रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर वोटर लिस्ट के लिए विशेष अभियान का आखिरी दिन है।

बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं की मदद करेंगे।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6, जबकि नाम-पते में गलती होने पर फॉर्म-8 भर सकते हैं।

विशेष अभियान के बाद भी 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, सुधार और आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा रहेगी।

उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने या उसमें किसी तरह की गलती ठीक कराने का मौका तलाश रहे लोगों के लिए आज रविवार महत्वपूर्ण दिन है। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर आज विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे। यह 28 और 29 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान का दूसरा और आखिरी दिन है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम और परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी नहीं जांची है, वे आज अपने मतदान केंद्र पर जाकर ऐसा कर सकते हैं।

यूपी के सभी बूथों पर आज मिलेंगे BLO, जानें समय

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (Special Summary Revision-2027) के तहत प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले 21 और 22 नवंबर को भी ऐसे अभियान चलाए गए थे।

आज रविवार को भी सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उनके पास 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की प्रतियां और आवेदन के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बीएलओ की मौजूदगी और जरूरी फॉर्म की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अधिकारी भी अलग-अलग जिलों में अभियान का निरीक्षण करेंगे।


वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो कौन सा फॉर्म भरना होगा?

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं मिलने पर पात्र नागरिक नया पंजीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने अलग-अलग जरूरतों के लिए तीन तरह के फॉर्म उपलब्ध कराए हैं।

  • फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए यह फॉर्म भरना होगा।

  • फॉर्म-7: मतदाता सूची में किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम शामिल होने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।

  • फॉर्म-8: नाम, पते या अन्य विवरण में सुधार कराने और निवास स्थान बदलने की स्थिति में यह फॉर्म भरना होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने खास तौर पर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि माना गया है। यानी इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

16 दिसंबर तक है आवेदन का मौका

विशेष अभियान दिवस आज समाप्त हो रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या उसमें सुधार कराने की पूरी प्रक्रिया भी आज ही खत्म हो जाएगी। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है।

इस दौरान पात्र नागरिक फॉर्म-6 के जरिए नया पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, नाम या पते में गलती होने पर फॉर्म-8 और अपात्र या मृत व्यक्ति के नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में जरूर जांचें। किसी तरह की सहायता के लिए जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। चुनाव आयोग का उद्देश्य आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम इसमें शामिल करना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए