यूपी के इन जिलों में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर, अगले 24 घंटे में बारिश का अलर्ट

यूपी में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम बदलने वाला है। कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट है। तापमान 6-8 तक डिग्री गिरने के आसार हैं।

फोटोः IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन के समय आसमान से आग बरस रही है और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तराई से पूर्वांचल तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, आज से यूपी के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। खासतौर पर तराई वाले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।


आगरा से बांदा तक लू का रेड अलर्ट

जहां एक तरफ कई जिलों में बारिश के आसार हैं, वहीं दूसरी तरफ आगरा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और बांदा में भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव और गर्म रातों का रेड अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा मथुरा, हाथरस और फिरोजाबाद में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अलीगढ़, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, औरैया और कानपुर समेत कई जिलों में हीटवेव और वार्म नाइट का यलो अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ललितपुर, रायबरेली, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी दी गई है।

अगले एक हफ्ते तक बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से अगले पांच दिनों तक यूपी के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रह सकता है। 29 मई को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।

राजधानी लखनऊ में फिलहाल तेज धूप और लू का असर बना रहेगा, लेकिन अगले 48 घंटों में यहां भी मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले एक हफ्ते में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia