CJP प्रदर्शन के बीच बवाल! आकाशवाणी भवन के पास पथराव, पुलिस के 2 जवान घायल
इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई, जबकि पुलिस ने कई मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित की।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान तनाव बढ़ गया है। आकाशवाणी भवन के पास पुलिसकर्मियों पर पथराव की घटना सामने आई है, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 25 से 30 प्रदर्शनकारियों ने इम्तियाज अली मार्ग पर लगे अवरोधकों को पार कर सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
आपको बता दें, इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई, जबकि पुलिस ने कई मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित की। प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिलने के बावजूद CJP के समर्थकों के जुटने की कोशिश के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी।
अभिजीत दीपके समेत CJP के कई नेता हिरासत में
प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली आ रहे विमान में हिरासत में ले लिया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 1,500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी रिपोर्ट है।
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
CJP का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
प्रदर्शन की अनुमति क्यों नहीं मिली?
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए आवेदन निर्धारित समय से काफी देर से दिया गया था। इसके अलावा, पहले के प्रदर्शन में नियमों और शर्तों के कथित उल्लंघन तथा कानून-व्यवस्था और यातायात संबंधी चिंताओं का भी हवाला दिया गया।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
