अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर किया बड़ा दावा, बोले- 'सुना है भारत अब रूस से नहीं खरीदेगा तेल, ये अच्छा कदम...'

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने सुना है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। मुझे नहीं पता कि यह सही है या नहीं, लेकिन अगर ऐसा है तो यह एक अच्छा कदम है। देखते हैं क्या होता है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। इस बार उनका दावा भारत और रूस के तेल व्यापार को लेकर है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें खबर मिली है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें यह जानकारी कितनी सटीक है, इसका वे आश्वासन नहीं दे सकते।

ट्रंप ने यह टिप्पणी अमेरिकी मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में की, जिसमें उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका भारत पर किसी तरह का जुर्माना लगाएगा या क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस विषय में कोई बातचीत हो सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने सुना है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। मुझे नहीं पता कि यह सही है या नहीं, लेकिन अगर ऐसा है तो यह एक अच्छा कदम है। देखते हैं क्या होता है।”

क्या भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर रहा है?

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल आयातक देश है और 2022 से रूस उसका एक बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा है, विशेषकर रियायती दरों पर। लेकिन हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सरकारी रिफाइनरियों ने कुछ समय के लिए रूस से खरीद रोक दी है, जिसकी वजह कम होती छूट, भुगतान में समस्याएं और लॉजिस्टिक चुनौतियां बताई गई हैं। हालांकि, भारत सरकार की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


अमेरिका की नाराजगी

ट्रंप का बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका रूस पर यूक्रेन युद्ध के चलते आर्थिक दबाव बना रहा है। अमेरिका नहीं चाहता कि भारत रूस से तेल, हथियार या अन्य रणनीतिक संसाधन खरीदे।

हाल ही में अमेरिका ने भारत को लेकर व्यापारिक टैरिफ भी बढ़ा दिए हैं। ट्रंप ने कहा था कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचे टैरिफ लगाता है, जबकि खुद रूस से सैन्य और ऊर्जा सामग्री खरीदता है। उन्होंने इस व्यापार को “अनुचित और एकतरफा” करार दिया था।

ट्रंप ने कहा, “हमें भारत से व्यापार में दिक्कत होती है। वे हमसे सामान खरीदते हैं नहीं, रूस से तेल और हथियार लेते हैं, और हमारे उत्पादों पर दुनिया के सबसे ऊंचे टैरिफ लगाते हैं।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia