उत्तर प्रदेश: सहारनपुर कलेक्ट्रेट में तोड़ी गई मस्जिद के बीच मिला 20 फीट गहरा कुआं, ASI करेगी जांच
कथित अवैध मस्जिद को गिराए जाने के बाद अधिकारियों ने जब मौके से मलबा हटाया, तो वहां करीब 20 फीट गहरा कुआं मिला।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को गिराए जाने के बाद उसके बीच से करीब 20 फीट गहरा कुआं मिला है। मलबा हटाने के दौरान कुएं की संरचना सामने आने के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल कुएं को ढक दिया गया है।
मलबा हटाने पर सामने आया कुआं
कथित अवैध मस्जिद को गिराए जाने के बाद अधिकारियों ने जब मौके से मलबा हटाया, तो वहां करीब 20 फीट गहरा कुआं मिला। कुएं की संरचना सामने आने के बाद प्रशासन ने इसकी जांच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और भारतीय सर्वेक्षण विभाग से कराने का फैसला किया है।
एसडीएम (सदर) सुबोध कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "कोर्ट के आदेश के मुताबिक, पहले मस्जिद को गिराने की कार्रवाई की गई थी। उसी क्रम में एक कुएं की संरचना प्राप्त हुई है। इसके संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से जांच की जाएगी। इसके बाद ही कुएं के संबंध में आगे की जानकारी दी जाएगी।"
उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे के निर्देश जारी किए गए हैं और एएसआई तथा भारतीय सर्वेक्षण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर कुएं की जांच करेंगी।
प्रशासन ने समतल किया परिसर
मस्जिद को जमींदोज किए जाने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में खाली जगह को पूरी तरह समतल कर दिया गया है। मस्जिद का मलबा सहारनपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर ले जाकर गिराया गया है। प्रशासन की ओर से परिसर से मलबे की एक-एक ईंट तक हटाई गई है।
मस्जिद के बीच कुआं मिलने के बाद प्रशासन मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कुएं की वास्तविक स्थिति और उसके संबंध में अन्य जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचेगा सहारनपुर
इधर, समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल 119 वर्ष पुरानी मस्जिद को गिराए जाने के मामले में जांच और तथ्य जुटाएगा।
सपा कार्यालय की ओर से जारी ज्ञापन के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को सिविल कोर्ट के आदेश पर बुलडोजर से ढहा दिया गया। पार्टी का दावा है कि 4 सितंबर की शाम जिला प्रशासन ने मस्जिद को सील करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उसे गिराया नहीं जाएगा, ऐसा कहा गया था।
कमिश्नर से मुलाकात करेगा प्रतिनिधिमंडल
समाजवादी पार्टी के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा और मंडलायुक्त से मुलाकात करेगा। पार्टी ने कहा है कि दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
