उत्तर प्रदेश में 9 IPS अधिकारियों के तबादले, थप्पड़ कांड वाले मेरठ SSP अविनाश पांडे भी हटाए गए

उत्तर प्रदेश में 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। मेरठ SSP अविनाश पांडे, संभल के केके बिश्नोई और सुल्तानपुर की SP चारु निगम समेत कई अफसर बदले।

फोटोः IANS
i

उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। योगी सरकार के निर्देश पर गुरुवार को 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई। इस फेरबदल में मेरठ के चर्चित SSP अविनाश पांडे, संभल के चर्चित आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई और सुल्तानपुर की SP चारु निगम समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ के SSP अविनाश पांडे को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है, जबकि उनकी जगह BBGTS मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है।

थप्पड़ कांड के बाद अविनाश पांडे का तबादला

मेरठ के SSP अविनाश पांडे पिछले दिनों एक प्रदर्शनकारी को पुलिस वैन के अंदर थप्पड़ मारने के मामले को लेकर चर्चा में आए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन में घुसकर एक प्रदर्शनकारी पर थप्पड़ बरसाने का मामला सुर्खियों में रहा था। अब सरकार ने उनका तबादला कर दिया है। उन्हें पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है। उनकी जगह BBGTS मूर्ति को मेरठ की कमान सौंपी गई है।

सुल्तानपुर की SP चारु निगम को भी जिले की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उन्हें यूपी 112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक पद पर भेजा गया है। सुल्तानपुर की नई SP की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी विनीत जायसवाल को दी गई है। विनीत जायसवाल इससे पहले गोंडा के SP के तौर पर तैनात थे। उनके स्थान पर बिजनौर के SP अभिषेक झा को गोंडा का नया SP बनाया गया है।


संभल और बिजनौर में भी बदलाव

संभल में तैनात 2018 बैच के चर्चित आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई का भी तबादला किया गया है। उन्हें संभल के SP पद से हटाकर बिजनौर में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विकास चंद्र त्रिपाठी को पहली बार जिले की कप्तानी मिली है। उन्हें संभल का नया SP बनाया गया है। विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।

पुलिस विभाग के इस फेरबदल में 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें बलरामपुर के SP पद से स्थानांतरित कर झांसी का नया SSP बनाया गया है। वहीं हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का SP बनाया गया है। इस तरह तबादला सूची में जिलों की पुलिस कमान के साथ-साथ कई अधिकारियों की नई तैनाती तय की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए