उत्तर प्रदेश: 'शादी रुकवा दो वरना...', बांदा में आशिक का टॉवर पर हंगामा
बांदा के बबेरू में युवक प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू कस्बे में एक युवक का हैरान कर देने वाला कदम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। अपनी प्रेमिका की शादी रुकवाने की जिद में युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। मौके पर जमा भीड़ और पुलिस के लिए यह स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बन गई।
“शादी रुकवा दो, वरना नहीं उतरूंगा”
कमासिन रोड स्थित टॉवर पर चढ़े युवक ने ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड की शादी रुकवा दी जाए, वरना वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक का कहना था कि वह अपनी प्रेमिका के बिना नहीं जी सकता और दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक ने यह भी दावा किया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ पहले भी एक बार घर से भाग चुका है, लेकिन अब लड़की के परिजन उसकी शादी कहीं और कर रहे हैं।
भीड़ जुटी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तुरंत पहुंची और युवक को समझाने की कोशिश शुरू की गई।
कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम में हर पल खतरा बना रहा, क्योंकि टॉवर से गिरने की आशंका लगातार बनी हुई थी।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
काफी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह के अनुसार, युवक प्रेम प्रसंग के चलते इस तरह का कदम उठाया था।
उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है और काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि भविष्य में वह ऐसा खतरनाक कदम न उठाए।
घटना बनी चर्चा का विषय
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग इसे प्यार में पागलपन की हद बताते हैं, तो कुछ इसे सामाजिक दबाव और पारिवारिक फैसलों के बीच फंसे युवाओं की मजबूरी के रूप में देख रहे हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia