यूपी: भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर की इशारों में बीजेपी सरकार को धमकी, बोले- हमें मत छेड़ना, कपड़े की तरह फाड़ देंगे

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि हम आज भी चमड़ा उतारना जानते हैं, जूता बनाना जानते हैं और जूता सिर पर मारना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमें मत छेड़ना, हम कपड़े की तरह फाड़ देंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने एक बार फिर इशारों में बीजेपी सरकार को और प्रशासन को खुली धमकी दी है। उत्तर प्रदेश के मेरठ के मवाना रोड स्थित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे चंद्रशेखर ने भीम आमी के कार्यकर्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी का डंडा और झंडा दोनों मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि जो संविधान के रास्ते पर चले ठीक है, जो संविधान से बड़ा बनना चाहता है उसे हम दूसरे तरीके से समझा सकते हैं।

चंद्रशेखर ने कहा कि हम आज भी चमड़ा उतारना जानते हैं, जूता बनाना जानते हैं और जूता सिर पर मारना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमें मत छेड़ना, हम कपड़े की तरह फाड़ देंगे। चंद्रशेखर ने यह नाराजगी अप्रत्यक्ष रूप से पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जाहिर की।

खबरों के मुताबिक, शनिवार को मवाना रोड स्थित कसेरू बक्सर टेंपो स्टैंड पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर के स्वागत के लिए एक कार्यक्रम रखा था, लेकिन पुलिस इस कार्यक्रम की इजाजत नहीं दे रही थी। बताया जा रहा है कि चंद्रशेकर के मौके पर पहुंचने से पहले पुलिस भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को मौके से खदेड़ रही थी। लेकिन चंद्रशेकर के पहुंचते ही पुलिस शांत हो गई है। वहीं भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर का जोरदार स्वागत किया।

मौके पर पहुचने के बाद चंद्रशेखर ने सबसे पहले डॉ. आंबेडकर धर्मशाला पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं कुछ देर पहले तक कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत नहीं दने वाले पुलिस कर्मी शांत खड़े होकर कार्यक्रम देखने लगे। कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद चंद्रशेखर निकल गए।

इससे पहले महाराष्ट्र में पुणे के भीमा कोरेगांव की 201वीं बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे चंद्रशेखर को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया था। उस दौरान चंद्रशेखर ने राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा था और देख लेने की धमकी तक दी थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia