उत्तर प्रदेश: इटावा में गैराज में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका, कई गाड़ियां जलकर खाक

आग के साथ लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक कार रिपेयरिंग गैराज में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कई वाहन, मशीनरी और पूरा गैराज जलकर खाक हो गया, जबकि धमाकों की आवाजों से आसपास दहशत फैल गई।

तेजी से भड़की आग, मची अफरा-तफरी

घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास के पास ईदगाह के नजदीक की है। देर रात अचानक गैराज में आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़े वाहन और उपकरण चंद मिनटों में उसकी चपेट में आ गए।

आग के साथ लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।


दमकल की कड़ी मशक्कत, दो घंटे बाद काबू

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को आग की तीव्रता के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़कों पर यातायात रोक दिया गया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।

सिलेंडर और टायर फटने से बढ़ा खतरा

बताया जा रहा है कि गैराज में रखे टायर और वेल्डिंग में इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन सिलेंडर आग की चपेट में आकर फटने लगे, जिससे धमाके और तेज हो गए।

गैराज मालिक अनीश ने बताया कि वह रोज की तरह गैराज बंद कर घर चले गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा गैराज और कई गाड़ियां जलकर नष्ट हो चुकी थीं।


जांच जारी, कारण स्पष्ट नहीं

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या आसपास सूखे पत्तों में लगी आग को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia