उत्तर प्रदेशः ताजमहल में वीएचपी कार्यकर्ताओं का हंगामा, 'हनुमान चालीसा' पढ़ने की कोशिश, पुलिस ने रोका

हिरासत में लेने के बाद सभी वीएचपी प्रदर्शनकारियों को हरिपर्वत पुलिस थाना ले जाया गया जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और बाद में सभी को छोड़ दिया गया। प्रशासन ने कहा कि उनका ज्ञापन ले लिया गया और उन्हें सूचित किया गया कि यह मामला दूसरे राज्य का है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के अंदर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जबरन हनुमान चालीसा का पाठ करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया। वीएचपी ने यह कार्यक्रम कर्नाटक हिजाब मामले के विरोध के तौर पर आयोजित किया था।

वीएचपी के इस प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष आशीष आर्य ने किया। उन्होंने कहा कि ताजमहल में प्रवेश करने और हिजाब मुद्दे का मुकाबला करने के लिए केसरिया रंग का स्कार्फ पहनकर हनुमान चालीसा का पाठ करने की योजना बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि हर शैक्षणिक संस्थान का अपना ड्रेस कोड होता है लेकिन कुछ असामाजिक तत्व हिजाब के लिए विरोध प्रदर्शन कर माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।


आशीष आर्य ने कहा कि कुछ लोग हिजाब के संदर्भ में जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वोटों का ध्रुवीकरण करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "यहां कोई व्यक्तिगत कानून लागू नहीं किया जाएगा। देश संविधान का पालन करेगा जो सबसे ऊपर है।"

हिरासत में लेने के बाद सभी प्रदर्शनकारियों को हरिपर्वत पुलिस स्टेशन ले जाया गया जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और बाद में सभी को छोड़ दिया गया। सदर के अंचल अधिकारी राजीव कुमार ने कहा, "उनका ज्ञापन ले लिया गया और इसे संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्हें सूचित किया गया है कि यह मामला एक विशेष राज्य से संबंधित है।"

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia