उत्तर प्रदेश: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईंधन संकट की अफवाह, पेट्रोल पंप के बाहर लंबी कतारें

पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी की आशंका के बीच जिले के निघासन, पलिया और भीरा इलाकों में कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल खरीदने के लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोल और डीजल और एलपीजी की कमी की अफवाहों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के कई क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है, जिसके कारण शुक्रवार को कई पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी की आशंका के बीच जिले के निघासन, पलिया और भीरा इलाकों में कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल खरीदने के लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने हालांकि अफवाहों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है।


जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा, ‘‘लखीमपुर खीरी जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी की अफवाहें निराधार और बेबुनियाद हैं।’’ उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और लोगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार ही इनकी खरीद करनी चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी अफवाहों पर संज्ञान लिया और लोगों से न घबराने की अपील करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है।

लखीमपुर खीरी पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने कहा कि जिले में ईंधन का कोई संकट नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

इसी तरह, एलपीजी वितरक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।