अंकिता हत्याकांड में रसूखदारों को बचाने के लिए हर हथकंडा अपना रही उत्तराखंड सरकार : कांग्रेस

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' को उजागर करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने कहा कि सच बोलने वालों को जेल में डालना और मुख्य संदिग्धों को खुली छूट देना साबित करता है कि रसूखदार लोगों को बचाने के लिए हर मुमकिन हथकंडा अपनाया जा रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' को उजागर करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को उत्तराखंड सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि सच बोलने वालों को जेल में डालना तथा मुख्य संदिग्धों को खुली छूट देना साबित करता है कि रसूखदार लोगों को बचाने के लिए हर मुमकिन हथकंडा अपनाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने यहां जारी एक बयान में कहा कि अदालत के समक्ष सनावर के खुद ‘नार्को टेस्ट’ के लिए सहमति देने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ मामले से जुड़े सबूतों को नष्ट करने में यमकेश्वर की भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की कथित भूमिका की जांच की मांग को अनसुना कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर दुष्यंत कुमार गौतम को कथित 'वीआईपी' की जांच के दायरे में लाने के बजाय केंद्र ने एक राज्य का राज्यपाल नियुक्त कर दिया।


उन्होंने कहा, ‘‘सच बोलने वालों को जेल में डालना और मुख्य संदिग्धों को खुली छूट देना यह साबित करता है कि (भाजपा) सरकार के भीतर बैठे रसूखदार लोगों को बचाने के लिए हर मुमकिन हथकंडा अपनाया जा रहा है।'’

सिंह ने सवाल किया कि जब सनावर ने सीबीआई अदालत के समक्ष बिना किसी हिचकिचाहट के खुद ‘नार्को टेस्ट’ के लिए सहमति दी थी, तो प्रशासन ने जांच को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें गिरफ्तार क्यों किया।

उन्होंने यह सवाल भी किया कि गंभीर आरोपों और जनाक्रोश के बावजूद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अब तक गौतम और विधायक बिष्ट से पूछताछ करने की जहमत क्यों नहीं उठाई, बल्कि गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बना दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा, ‘‘क्या यह कदम गौतम को कानूनी कार्यवाहियों से संवैधानिक सुरक्षा कवच देने का एक सोचा-समझा प्रयास है? नार्को टेस्ट के माध्यम से अंकिता भंडारी हत्याकांड का जो सच बाहर आने वाला था, उसे दबाने के लिए ही आनन-फानन में यह गिरफ्तारी की गई।’’


रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में हरिद्वार पुलिस ने रविवार को सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया था।

सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस मांग करती है कि अंकिता हत्याकांड के असली गुनहगारों और पर्दे के पीछे छिपे 'वीआईपी' को बेनकाब करने के लिए सनावर का अविलंब निष्पक्ष नार्को टेस्ट कराया जाए तथा मुख्य संदिग्धों पर कार्रवाई हो।’’

उन्होंने कहा कि सरकार सच छुपाने के लिए चाहे जितने भी हथकंडे अपना ले, जनता 'वीआईपी' को बेनकाब करके ही दम लेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए