उत्तराखंड में दिवाली पर हादसा, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन, 25 से ज्यादा मजदूर फंसे

सिलक्यारा की ओर सुरंग के द्वार से 200 मीटर की दूरी पर यह भूस्खलन हुआ है, जबकि जो मजदूर काम कर रहे थे वो वाहन द्वार के 2800 मीटर अंदर हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग के अंदर भूस्खलन हुआ है। सुरंग का निर्माण एनएचआईडीसीएल के निर्देशन में नवयुगा कंपनी कर रही है। बताया जा रहा है कि सुरंग के अंदर 25 से ज्यादा मजूदर फंसे हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन उत्तरकाशी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि सुरंग के अंदर कुल कितने श्रमिक फंसे हैं।

कंपनी की ओर से मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है। मौके पर पांच एंबुलेंस तैयार की गई है। घटना की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से राहत और बचाव दलों को दुर्घटना स्थल के लिए भेज दिया गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। एनडीआरफ, एसडीआरएफ पुलिस फायर ब्रिगेड के दस्ते राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए जिलाधिकारी का प्रभार देख रहे मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार जिला मुख्यालय से घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। एडीजी कानून व्यवस्था एपी अंशुमान ने बताया कि अभी किसी की मृत्यु की सूचना नहीं है। एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह 5:00 बजे हुआ। सिलक्यारा की ओर सुरंग के द्वार से 200 मीटर की दूरी पर यह भूस्खलन हुआ है, जबकि जो मजदूर काम कर रहे थे वो वाहन द्वार के 2800 मीटर अंदर हैं। आलवेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत तैयार की जा रही सुरंग की लंबाई 4|5 किमी है। इसमें से चार किमी तक निर्माण पूरा कर लिया गया है। पहले सुरंग निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य सितंबर 2023 था, लेकिन अब मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Nov 2023, 12:26 PM